गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए कटिबद्ध है सरकार – विधायक किरण देव
नन्हे मुन्नों को तिलक लगाकर व मिष्ठान खिला कर हुआ आत्मीय स्वागत
जगदलपुर, 27 जून 2025 /
जगदलपुर विकासखंड अंतर्गत माड़पाल में जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर सांसद श्री महेश कश्यप ने कहा कि शिक्षा हमारी संस्कृति की नींव है और हमें भावी पीढ़ी को शिक्षित करने हेतु सजग दायित्व निभाना चाहिए।
️ सांसद ने नालंदा-तक्षशिला के गौरवशाली इतिहास की याद दिलाते हुए कहा कि आज भारत पुनः विश्वगुरु बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने शिक्षा का अधिकार अधिनियम की उपयोगिता बताई और बस्तर के बच्चों की प्रतिभा को संवारने के लिए शिक्षकों से समर्पण की अपेक्षा जताई।
️ विधायक श्री किरण देव ने कहा कि राज्य सरकार बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने हेतु कटिबद्ध है। स्कूलों में सभी आवश्यक सुविधाएं और योग्य शिक्षकों की नियुक्ति के माध्यम से यह लक्ष्य साकार हो रहा है।
कार्यक्रम में अतिथियों ने नवप्रवेशी बच्चों का तिलक कर एवं मिष्ठान खिलाकर स्वागत किया। साथ ही बच्चों को बस्ता, गणवेश, पाठ्य पुस्तकें और जाति प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
न्यौता भोज में अतिथि, जनप्रतिनिधि और अधिकारीगण बच्चों के साथ भोजन में शामिल हुए और स्कूल परिसर में पौधारोपण कर हरित संदेश भी दिया।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री बी.आर. बघेल ने स्वागत उद्बोधन में बताया कि सत्र 2025-26 में हर शाला त्यागी और अप्रवेशी बच्चों को स्कूल में शामिल करने हेतु ठोस कार्ययोजना तैयार की गई है।
उन्होंने बताया कि पिछला सत्र जिले के लिए गौरवपूर्ण रहा और इस बार भी अंदरूनी इलाकों तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करने हेतु प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम में शाला प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, बीईओ-बीआरसी, प्राचार्य, शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में डीएमसी श्री अखिलेश मिश्रा ने आभार प्रकट किया।
—
रिपोर्ट: ओम साहू
WhatsApp चैनल से जुड़ें ताजा खबरों के लिए