जगदलपुर, 30 जून 2025।
जिला बस्तर में पदस्थ उप निरीक्षक श्रीमती नीलमणी मिंज के सेवानिवृत्त होने पर आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय जगदलपुर में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री माहेश्वर नाग समेत पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त उप निरीक्षक श्रीमती नीलमणी मिंज को उनके उज्ज्वल भविष्य एवं उत्तम स्वास्थ्य की शुभकामनाएँ दी गईं। उल्लेखनीय है कि श्रीमती मिंज ने अपने कैरियर की शुरुआत आरक्षक के पद से की थी और समय-समय पर पदोन्नत होकर वर्तमान में उप निरीक्षक पद तक अपनी सेवाएँ प्रदान कीं। अपने पूरे सेवाकाल में उन्होंने निष्ठा और ईमानदारी से पुलिस विभाग में उल्लेखनीय योगदान दिया, जिसके लिए उन्हें कई बार पुरस्कृत भी किया गया।
समारोह के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री माहेश्वर नाग ने श्रीमती मिंज को सॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर रक्षित निरीक्षक श्री अभिजीत भदौरिया सहित जिला बस्तर के अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे।
सेवानिवृत्त उप निरीक्षक श्रीमती नीलमणी मिंज के योगदान को पुलिस परिवार हमेशा स्मरण रखेगा और उनके स्वस्थ, सुखद एवं सफल भविष्य की कामना करता है।
—
रिपोर्ट: ओम साहू