रायपुर/जगदलपुर। रायपुर-जगदलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। हादसा रायपुर से करीब 30 किलोमीटर दूर केंद्री के पास हुआ, जब रायपुर की ओर जा रही रॉयल ट्रेवल्स की यात्री बस एक हाइवा ट्रक से टकरा गई।
जानकारी के अनुसार बस हाई स्पीड में ओवरटेक करने के प्रयास में ट्रक से बाईं ओर से जा भिड़ी। हादसे में बस के अगले बाएं हिस्से को भीषण क्षति पहुंची, जहां सभी मृतक सवार थे। मृतकों की पहचान अजहर अली (30), बलराम पटेल (46) और बर्खा ठाकुर (31) के रूप में की गई है।
हादसे के बाद हाइवा चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और ट्रक सड़क से उतर गया। सूचना मिलते ही अभनपुर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। छह घायलों में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
अभनपुर नगर निरीक्षक सिद्देश्वर प्रताप ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और घायल यात्रियों के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। हादसे की विस्तृत जांच जारी है।
रिपोर्ट: ओम साहू