10 फरवरी 2026,जगदलपुर/ग्राम पंचायत धर्माऊर में आज राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत सामुदायिक दवा सेवन अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य अभियान का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक माननीय श्री विनायक गोयल जी के कर-कमलों द्वारा किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य फाइलेरिया जैसी गंभीर और दीर्घकालिक बीमारी को जड़ से समाप्त करना तथा ग्रामीणों को स्वस्थ जीवन प्रदान करना है।

   

      इस अवसर पर विधायक श्री विनायक गोयल जी ने तोकापाल विकासखंड के ग्राम परपा निवासी दिलीप टेकवानी एवं पुनाय ग्राम तेली मारेंगा के हितग्राहियों को स्वयं फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कराकर अभियान की शुरुआत की तथा दवा किट का वितरण भी किया। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि सभी पात्र नागरिक इस अभियान में सहभागिता निभाएं और निर्धारित दवाओं का नियमित सेवन कर फाइलेरिया उन्मूलन में सहयोग करें।



    माननीय विधायक श्री गोयल जी ने अपने संबोधन में कहा कि फाइलेरिया एक गंभीर लेकिन पूर्णतः रोकथाम योग्य बीमारी है। यदि समय पर दवा का सेवन किया जाए तो इससे बचाव संभव है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान जनहित में अत्यंत आवश्यक है और इसकी सफलता जनसहयोग पर निर्भर करती है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, मितानिन दीदियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उनके समर्पण से ही यह अभियान धरातल पर सफल हो पा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि यह सामुदायिक दवा सेवन कार्यक्रम दिनांक 10 फरवरी से 28 फरवरी तक संचालित किया जाएगा। इस अवधि में घर-घर जाकर फाइलेरिया रोधी दवाओं का वितरण एवं सेवन सुनिश्चित कराया जाएगा। अभियान के अंतर्गत पात्र आयु वर्ग के सभी नागरिकों को दवा खिलाई जाएगी, जिससे फाइलेरिया संक्रमण की श्रृंखला को तोड़ा जा सके।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व सरपंच उर्मिला गोयल ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत धर्माऊर स्वास्थ्य के प्रति सदैव सजग रही है और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता निभाती रहेगी। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे किसी भी भ्रांति में न आएं और स्वास्थ्य कर्मियों का पूर्ण सहयोग करें।

इस अवसर पर सरपंच रामधर बघेल जी, उर्मिला गोयल जी, श्री संतोष तिवारी जी, श्री बाबुल नाग जी, श्री दीपक ठाकुर जी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, मितानिन दीदी बहनें तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

संपादक–ऋषभ कुमार

मो–6266449977

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply