रिपोर्ट –जय शंकर पांडे

जगदलपुर, 14 मार्च 2026/ जिले की ग्रामीण महिलाएं अब पूजा सामग्री का निर्माण कर आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ा रही हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के अंतर्गत ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिससे वे मंदिरों और धार्मिक आयोजनों में उपयोग होने वाली सामग्री स्वयं तैयार कर सकेंगी।

कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के निर्देशानुसार और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन के मार्गदर्शन में ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान आड़ावाल जगदलपुर में 13 मार्च से 18 मार्च तक छह दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य महिला स्व-सहायता समूहों को पूजा सामग्री निर्माण का कौशल सिखाकर उन्हें बाजार से जोड़ना और आय के नए अवसर उपलब्ध कराना है।
इस स्वरोजगार प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को मंदिरों और धार्मिक अनुष्ठानों में उपयोग होने वाली विभिन्न सामग्रियों को तैयार करने का व्यावसायिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें फूलों की मालाएं बनाना, धूप और अगरबत्ती तैयार करना, रूई की बत्तियां बनाना तथा पूजा के लिए चुनरी, सिंदूर पैकेट, सजावटी टोकरियां और चूड़ी पैकेट जैसे चढ़ावे की वस्तुएं तैयार करना शामिल है। इसके साथ ही महिलाओं को प्रसाद निर्माण की प्रक्रिया भी सिखाई जा रही है, जिसमें इलायची दाना, लड्डू और अन्य भोग सामग्री तैयार करने की विधि शामिल है, ताकि इन्हें मंदिरों और धार्मिक आयोजनों में उपयोग किया जा सके। धार्मिक स्थलों की सजावट को ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षण में पताका, रंगोली तथा हस्तशिल्प उत्पाद जैसे मिट्टी के दीये, मटके और अन्य सजावटी वस्तुएं बनाने की कला भी सिखाई जा रही है।
इस पहल से महिलाओं के कौशल का विकास होगा और वे स्थानीय स्तर पर उत्पाद तैयार कर मंदिरों की आवश्यकताओं की पूर्ति करते हुए आय अर्जित कर सकेंगी। ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के संचालक श्री किरण कुमार ने बताया कि इस पहल से बस्तर की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनने का अवसर मिलेगा और वे स्व-सहायता समूहों के माध्यम से स्वरोजगार के नए रास्ते खोलते हुए आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकेंगी। इसके लिए सभी विकासखंडों के परियोजना प्रबंधकों को अधिक से अधिक महिला स्व-सहायता समूहों को इस प्रशिक्षण से जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।
संपादक –ऋषभ कुमार
मो.–6266449977