रिपोर्ट – जय शंकर पांडे


जगदलपुर, 18 जून 2026/ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिले के सभी विकासखंड मुख्यालयों में आयोजित तीन दिवसीय पंजीयन शिविरों के तहत बस्तर विकासखंड के सद्भावना भवन में संचालित शिविर का कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने निरीक्षण किया।



       कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा हितग्राहियों को प्रदान की जा रही सेवाओं और योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में आने वाले प्रत्येक पात्र हितग्राही का अवश्य पंजीयन सुनिश्चित किया जाए तथा उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की कमी न रहे। कलेक्टर श्री छिकारा ने विशेष रूप से स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि संस्थागत प्रसव कराने वाली सभी पात्र महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना का शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि योजना के लाभ से कोई भी पात्र महिला वंचित न रहे, इसके लिए पंजीयन, सत्यापन एवं स्वीकृति की प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए।



        उन्होंने शिविर में किसान पंजीयन और एग्री स्टेक पंजीयन प्रकिया का स्वयं आंकलन किया। किसानों के पंजीयन संबंधी समस्याओं को राजस्व अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए। इसके अलावा अन्य विभागों के स्टॉल पर जाकर उपस्थित महिलाओं एवं ग्रामीणों से संवाद कर योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा अधिकारियों को जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है और ऐसे शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

       पंजीयन शिविर में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन ने शिविर का अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से चर्चा कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। सीईओ श्री जैन ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों, महिलाओं एवं अन्य हितग्राहियों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस विशेष पंजीयन शिविर का उद्देश्य पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ना तथा उन्हें एक ही स्थान पर विभिन्न विभागीय सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना है।

       उन्होने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में आने वाले प्रत्येक पात्र व्यक्ति का पंजीयन सुनिश्चित किया जाए तथा उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाए। इस अवसर पर एसडीएम बस्तर श्री गगन शर्मा, तहसीलदार जॉली जेम्स, नायब तहसीलदार, नगर पंचायत सीएमओ तरुण लहरे अन्य विभागों के अधिकारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। तीन दिवसीय पंजीयन शिविर में विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत पंजीयन, आवेदन एवं हितग्राही उन्मुख सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply