रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

क्षेत्र के विभिन्न गांवों के लिए 92.50 लाख रुपए के विकास कार्यों की घोषणा की
उप मुख्यमंत्री बैगा परिवारों के साथ जमीन पर बैठकर किया भोजन
वनांचल के अंतिम व्यक्ति तक विकास और मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता– उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा
उप मुख्यमंत्री ने ग्राम केसमर्दा, दलदली, भुरसीपकरी, पीपरखुंटा एवं चेंदरादादर में पहुंचकर किया जनसंपर्क
रायपुर, 23 जून 2026/ उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने सोमवार को कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड के सुदूर वनांचल क्षेत्र में बैगा बाहुल्य क्षेत्र के सघन दौरा किया। जहां उन्होंने स्थानीय निवासियों से मुलाकात की और अपने चिर परिचित अंदाज में जमीन में बैठकर आत्मीयता के साथ उनसे चर्चा की। उन्होंने उनकी समस्या और मांगो को सुना और अधिकारियों को त्वरित निराकरण के लिए निर्देशित किया। जनसंपर्क और मुलाकात का यह क्रम सिर्फ बैठक तक सीमित नहीं रहा, उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने बैगा परिवारों के साथ भोजन भी किया और इस दौरान उनकी जरूरतों को समझते हुए अनेक मांगों पर तत्काल विकास कार्यों की घोषणा की।
उप मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत केसमर्दा, दलदली, भुरसीपकरी, पीपरखुंटा एवं चेंदरादादर में पहुंचकर जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न ग्राम पंचायतों एवं आश्रित ग्रामों के लिए 92 लाख 50 हजार रुपए के विकास कार्यों की घोषणा की, जिसमें सड़क, सामुदायिक भवन, देवगुड़ी, आंगनबाड़ी और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं।
ग्राम पंचायत केसमर्दा में आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने वार्ड क्रमांक 3 में एक हैंडपंप स्थापना, 5.20 लाख रुपए की लागत से सीसी रोड निर्माण, 3 लाख रुपए की लागत से किचन शेड तथा 3.50 लाख रुपए की लागत से देवगुड़ी भवन निर्माण की घोषणा की। साथ ही केसमर्दा से कुरकी मार्ग के मुरमीकरण कार्य को वीबी जी राम जी योजना के तहत स्वीकृत करने की घोषणा की। उन्होंने ग्राम पंचायत केसमर्दा के आश्रित ग्राम बोदई में 3.50 लाख रुपए की लागत से देवगुड़ी भवन तथा 5.20 लाख रुपए की लागत से सीसी रोड निर्माण की घोषणा की। वहीं आश्रित ग्राम गभोड़ा में 2.60 लाख रुपए की लागत से सीसी रोड निर्माण की स्वीकृति प्रदान की।
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने ग्राम पंचायत दलदली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वार्ड क्रमांक 1 में एक हैंडपंप स्थापना तथा वार्ड क्रमांक 2 में पाइप पुलिया निर्माण कार्य को स्वीकृति देने की घोषणा की। इसके अलावा आश्रित ग्राम दरई में 6.50 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की। ग्राम पंचायत भुरसीपकरी में उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने पूर्व माध्यमिक शाला भवन निर्माण के लिए विभागीय प्रस्ताव भेजने, प्राथमिक शाला में 2 लाख रुपए की लागत से आहाता निर्माण तथा आश्रित ग्राम अंधरिकछार एवं चितावर में 1.20-1.20 लाख रुपए की लागत से कुआं निर्माण की घोषणा की। उन्होंने चितावर में 3 लाख रुपए की लागत से सांस्कृतिक मंच तथा पाइप पुलिया निर्माण की स्वीकृति भी प्रदान की। इसके अतिरिक्त आश्रित ग्राम सुकझर में नवीन आंगनबाड़ी भवन के लिए विभागीय प्रस्ताव तैयार करने, प्राथमिक शाला में 2 लाख रुपये की लागत से आहाता निर्माण, सलगी में 1.50 लाख रुपये की लागत से देवगुड़ी भवन एवं 2.50 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण तथा बनगोरा में 1.50 लाख रुपए की लागत से देवगुड़ी निर्माण की घोषणा की गई।
ग्राम पंचायत पीपरखुंटा में उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने 6.50 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन तथा 2.60 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण की घोषणा की। आश्रित ग्राम हड़ही में एक हैंडपंप स्थापना, 2.60 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड तथा 1.50 लाख रुपये की लागत से देवगुड़ी भवन निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई। इसी प्रकार आश्रित ग्राम बाघमड़ा में एक हैंडपंप, 2.60 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड तथा 1.50 लाख रुपये की लागत से देवगुड़ी भवन निर्माण की घोषणा की। आश्रित ग्राम साजाटोला में एक हैंडपंप, 2.60 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण, सेलरीपारा एवं गढ़ीदादरपारा तक विद्युत सुविधा पहुंचाने हेतु विभाग से चर्चा करने तथा सरईगुड़ापारा में दो सार्वजनिक कुओं के निर्माण की घोषणा की।
ग्राम पंचायत चेंदरा दादर में आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने 6.50 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन, 5.20 लाख रुपए की लागत से सीसी रोड तथा एक हैंडपंप स्थापना की घोषणा की। आश्रित ग्राम धनवाही में 11 लाख रुपए की लागत से नवीन आंगनबाड़ी भवन तथा एक हैंडपंप स्थापना की स्वीकृति प्रदान की गई। आश्रित ग्राम कोयलारी में प्राथमिक शाला के लिए 4 लाख रुपए की लागत से बाउंड्रीवाल निर्माण तथा एक हैंडपंप स्थापना की घोषणा की गई। वहीं आश्रित ग्राम मुकाम में 1.50 लाख रुपए की लागत से देवगुड़ी भवन निर्माण एवं एक हैंडपंप स्थापना की स्वीकृति प्रदान की गई।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार गांव, गरीब, किसान और अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि विकास की मुख्यधारा से कोई भी गांव पीछे न रहे। उन्होंने कहा कि जनसंपर्क कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं और जरूरतों को समझना तथा उनका त्वरित समाधान करना है। सड़क, पेयजल, शिक्षा, आंगनबाड़ी, सामुदायिक भवन और अन्य जरूरी सुविधाओं का विस्तार लगातार किया जा रहा है ताकि वनांचल क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि सरकार चाहती है कि लोगों को अपनी छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भटकना न पड़े और विकास का लाभ हर गांव और हर परिवार तक पहुंचे। जनसंपर्क कार्यक्रमों के दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री विदेशी राम धुर्वे सहित जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
उप मुख्यमंत्री ने बैगा आदिवासियों के साथ किया भोजन
जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने सुदूर वनांचल क्षेत्र में बैगा परिवारों के साथ जमीन पर बैठकर भोजन भी किया। इस दौरान उन्होंने आत्मीय बातचीत करते हुए उनकी समस्याओं और माँगो को जाना और अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिये।