रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

स्वच्छता के वैज्ञानिक तौर-तरीकों पर दिया गया जोर

जगदलपुर, 24 जून 2026/ जिले में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ‘ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026’ के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए स्वर्गीय बलिराम कश्यप मेमोरियल शासकीय मेडिकल कॉलेज के सभागार में एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।  संभाग और जिला प्रशासन व पर्यावरण विभाग के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बस्तर संभाग को कचरा मुक्त और पर्यावरण-अनुकूल बनाना है। इस कार्यशाला में बस्तर संभाग के सभी जिलों से आए जिला समन्वयक, ब्लॉक समन्वयक, नगरीय निकायों के प्रतिनिधि और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इसके साथ ही जमीनी स्तर पर स्वच्छता की कमान संभालने वाले ग्राम पंचायतों के सरपंच, उपसरपंच, स्वच्छाग्रही और स्वच्छता कर्मी भी इस प्रशिक्षण में विशेष रूप से शामिल हुए, जिससे जमीनी स्तर पर नियमों के क्रियान्वयन को बल मिल सके।
       


             प्रशिक्षण सत्र के दौरान पर्यावरण विशेषज्ञों ने ‘ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026’ के विभिन्न कानूनी और व्यावहारिक प्रावधानों पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यशाला में मुख्य रूप से कचरे को उसके निकलने के स्थान पर ही अलग-अलग करने यानी सोर्स सेग्रीगेशन की अनिवार्यता को समझाया गया। इसके साथ ही गीले, सूखे, सैनिटरी और घरेलू खतरनाक अपशिष्ट के पृथक संग्रहण, सुरक्षित परिवहन एवं उनके वैज्ञानिक निस्तारण की संपूर्ण प्रक्रिया से प्रतिभागियों को अवगत कराया गया। कार्यक्रम में बल्क वेस्ट जनरेटर्स के पंजीयन, जनजागरूकता अभियानों के संचालन तथा सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने के प्रभावी उपायों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने सचेत किया कि खुले में कचरा फेंकना, कचरे को जलाना अथवा उसका किसी भी तरह से अनुचित निस्तारण करना नियमों के सर्वथा विरुद्ध है और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जा सकती है। कार्यशाला में वक्ताओं ने रेखांकित किया कि एक स्वच्छ और आदर्श समाज के निर्माण में ग्राम पंचायतों की भूमिका सबसे अहम है, क्योंकि ग्रामीण स्तर पर मजबूत कचरा प्रबंधन के बिना संपूर्ण विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों, जन प्रतिनिधियों और स्वच्छता प्रहरियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में इन नियमों को पूरी कड़ाई से लागू करने और आम जनता के बीच स्वच्छता के प्रति निरंतर जागरूकता बढ़ाने का सामूहिक संकल्प लिया।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply