रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

25 जून 2026, जगदलपुर। भाजपा जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने अबूझमाड़ क्षेत्र में कथित पेड़ कटाई और हसदेव को लेकर कांग्रेस के बयानों पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि जिस कांग्रेस ने वर्षों तक छत्तीसगढ़ के प्राकृतिक संसाधनों का राजनीतिक और आर्थिक शोषण किया, वही आज पर्यावरण संरक्षण का ढोंग कर रही है।
जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस को सबसे पहले अपने शासनकाल का हिसाब देना चाहिए। हसदेव क्षेत्र में खनन संबंधी प्रक्रियाएं, वन क्षेत्रों में लिए गए निर्णय और आदिवासियों की उपेक्षा किसके शासन में हुई, यह प्रदेश की जनता भली-भांति जानती है। सत्ता में रहते हुए कांग्रेस ने न तो जंगलों की चिंता की और न ही वनवासियों के हितों की रक्षा की। आज विपक्ष में बैठकर झूठ और भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अबूझमाड़ जैसे संवेदनशील क्षेत्र को लेकर कांग्रेस केवल राजनीति कर रही है। वर्तमान सरकार विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाकर कार्य कर रही है। जहां भी वन संरक्षण से जुड़े विषय हैं, वहां सभी वैधानिक प्रावधानों और पर्यावरणीय मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। वन संपदा की रक्षा और स्थानीय लोगों के हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में छत्तीसगढ़ को भ्रष्टाचार, अव्यवस्था और संसाधनों की लूट की ओर धकेला। आज जब प्रदेश में पारदर्शिता, सुशासन और जनहित के कार्य हो रहे हैं तो कांग्रेस जनता का ध्यान भटकाने के लिए बेबुनियाद आरोप लगा रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में वन संरक्षण, आदिवासी विकास, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से काम कर रही है। कांग्रेस को निराधार बयानबाजी छोड़कर अपने कार्यकाल की विफलताओं पर जवाब देना चाहिए।