रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

37 बंद विद्यालयों का पुनः संचालन शुरू, नवप्रवेशी विद्यार्थियों का हुआ आत्मीय स्वागत

बीजापुर, 2 जुलाई 2026/  जिले में शत-प्रतिशत नामांकन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एजुकेशन सिटी में जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि सांसद श्री महेश कश्यप ने कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, पुष्प भेंट कर और अध्ययन सामग्री प्रदान कर आत्मीय स्वागत किया। बच्चों को नवीन गणवेश, स्कूल बैग एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। साथ ही उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने वाले मेधावी विद्यार्थियों तथा शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

शाला प्रवेशोत्सव का प्रमुख आकर्षण जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लंबे समय से बंद पड़े 37 विद्यालयों का पुनः संचालन रहा। सांसद श्री कश्यप ने इन विद्यालयों के पुनः संचालन का शुभारंभ करते हुए कहा कि इससे दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों के बच्चों को अपने गांव के समीप शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा तथा स्कूल छोड़ चुके बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जा सकेगा।उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास की मजबूत नींव है।  केंद्र और राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं और 37 विद्यालयों का पुनः संचालन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने तथा शिक्षकों से समर्पित भाव से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का आह्वान किया।

जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती नम्रता चौबे ने कहा कि जिला प्रशासन प्रत्येक बच्चे को शिक्षा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जानकी कोरसा ने बालिका शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए अभिभावकों से सभी बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की।कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जानकी कोरसा, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गीता सोम पुजारी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पुलैया पेरे, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री भुवन सिंह चौहान, जनपद पंचायत अध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं, पालक और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply