रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

बीजापुर, 17 जुलाई 2026/ मुख्यमंत्री यूनिवर्सल हेल्थ स्क्रीनिंग (UHS) अभियान के अंतर्गत गंभीर एनीमिया (सीवियर एनीमिया) से चिन्हित एवं रेफर किए गए मरीजों से आज कलेक्टर श्री विश्वदीप ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में आत्मीय मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान जिले के चारों विकासखंड—बीजापुर, भैरमगढ़, भोपालपटनम एवं उसूर से आए कुल 20 गंभीर एनीमिया रेफरल मरीज उपस्थित रहे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में संचालित अभियान के तहत कलेक्टर ने मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली तथा उनके परिजनों से चर्चा कर नियमित उपचार, आयरन-फोलिक एसिड की दवाओं का समय पर सेवन, संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने तथा चिकित्सकों के निर्देशों का पालन करने की समझाइश दी। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सभी रेफरल मरीजों का नियमित फॉलो-अप सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में समय पर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर विश्वदीप ने सभी 20 गंभीर एनीमिया मरीजों को छाता एवं मच्छरदानी वितरित की। उन्होंने कहा कि मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के लिए मच्छरदानी का नियमित उपयोग करें तथा व्यक्तिगत स्वच्छता और पोषण पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि बेहतर पोषण, समय पर उपचार और नियमित स्वास्थ्य जांच से एनीमिया जैसी गंभीर समस्या पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री यूनिवर्सल हेल्थ स्क्रीनिंग अभियान के माध्यम से जिले में गंभीर एनीमिया सहित विभिन्न गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान कर मरीजों को आवश्यक उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। चिन्हित सभी मरीजों की निरंतर निगरानी एवं फॉलो-अप किया जा रहा है, जिससे उनके स्वास्थ्य में शीघ्र सुधार सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ जितेन्द्र यादव सीईओ जिला पंचायत नम्रता चौबे सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा यूनिवर्सल हेल्थ स्क्रीनिंग अभियान के माध्यम से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा “एनीमिया मुक्त, स्वस्थ बीजापुर” के लक्ष्य को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।