रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

बीजापुर, 20 जुलाई 2026।
छत्तीसगढ़ के नैसर्गिक सौंदर्य को देश-विदेश में नई पहचान दिलाने और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से CG25 राइडर्स ग्रुप के दर्जनों बाइक राइडर्स सैकड़ों किलोमीटर की साहसिक यात्रा तय कर बीजापुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जिले के प्रसिद्ध नम्बी जलप्रपात सहित विभिन्न प्राकृतिक एवं रमणीय पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर यहां की अद्भुत सुंदरता का अनुभव किया।

दुर्गम पहाड़ी रास्तों से होते हुए जब राइडर्स नम्बी जलप्रपात पहुंचे, तो वहां का मनमोहक प्राकृतिक दृश्य देखकर वे अभिभूत हो गए। घने जंगलों, कल-कल बहती जलधारा और शांत वातावरण ने सभी राइडर्स को रोमांचित कर दिया। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि बीजापुर प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर ऐसा पर्यटन स्थल है, जिसे हर प्रकृति प्रेमी और साहसिक यात्रा के शौकीन को अवश्य देखना चाहिए।

यात्रा के दौरान CG25 राइडर्स के सदस्यों ने जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर  विश्वदीप से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर राइडर्स ने अपने ग्रुप का आधिकारिक बैच कलेक्टर को भेंट कर सम्मानित किया। कलेक्टर  विश्वदीप ने राइडर्स की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे साहसिक पर्यटन अभियान बीजापुर की प्राकृतिक धरोहर को व्यापक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने राइडर्स से जिले के अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों का भी भ्रमण करने तथा अपने अनुभवों को सोशल मीडिया और विभिन्न माध्यमों से साझा कर अधिक से अधिक लोगों को बीजापुर आने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।

CG25 ग्रुप के सदस्य गीतेश ताम्रकर ने कहा कि बीजापुर की प्राकृतिक सुंदरता, शांत वातावरण और यहां के लोगों का आत्मीय व्यवहार अविस्मरणीय है। उन्होंने सभी प्रकृति प्रेमियों और बाइक राइडर्स से अपील करते हुए कहा, “देखो बस्तर, आओ बीजापुर!”

CG25 राइडर्स की यह पहल न केवल साहसिक पर्यटन को नई दिशा दे रही है, बल्कि बीजापुर की प्राकृतिक धरोहर को व्यापक पहचान दिलाने का भी प्रभावी माध्यम बन रही है। प्रशासन और पर्यटन प्रेमियों के संयुक्त प्रयास निश्चित रूप से बीजापुर को प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगे।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply