रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

जगदलपुर, 25 जुलाई 2026/ नगरपालिका निगम जगदलपुर क्षेत्र अंतर्गत नागरिकों के लिए जनसुविधाओं को और अधिक सुलभ, पारदर्शी और त्वरित बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल शुरू की गई है। अब शहरवासी व्यवसाय करने की अनुमति यानी ट्रेड लाइसेंस और राशन कार्ड से जुड़ी तमाम सेवाओं का लाभ सीधे ऑनलाइन प्राप्त कर सकेंगे। इन सभी सेवाओं को ‘सेवा सेतु पोर्टल’ से जोड़ दिया गया है, जिसके माध्यम से नागरिक किसी भी लोक सेवा केंद्र या चॉइस सेंटर में जाकर आसानी से आवेदन कर सकते हैं।

          इस डिजिटल पहल का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों और स्थानीय व्यापारियों को निगम कार्यालयों के बार-बार चक्कर काटने की परेशानी से मुक्ति दिलाना है। अब राशन कार्ड में नए सदस्यों का नाम जोड़ने, नाम हटाने तथा एपीएल, बीपीएल एवं अंत्योदय श्रेणी के नए राशन कार्ड बनवाने जैसे महत्वपूर्ण कार्य डिजिटल माध्यम से तय समय-सीमा के भीतर पूरे किए जा सकेंगे। इसी तरह व्यापारियों के लिए भी नए ट्रेड लाइसेंस बनवाने और पुरानी अनुमतियों के नवीनीकरण की प्रक्रिया को ऑनलाइन कर दिया गया है, जिससे संपूर्ण व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी।

शुक्रवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन कर इन ऑनलाइन सुविधाओं का विधिवत शुभारंभ किया गया और इस अवसर पर उपस्थित हितग्राहियों को नए ट्रेड लाइसेंस तथा राशन कार्डों का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान नगर निगम के प्रमुख जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें एमआईसी सदस्य  योगेंद्र पांडे,  लक्ष्मण झा, संजय विश्वकर्मा, नगर निगम आयुक्त  प्रवीण वर्मा, जिला कार्यालय से डिस्ट्रिक्ट मैनेजर  राकेश भट्ट तथा राजस्व उप-निरीक्षक कुलदीप पानीग्राही शामिल थे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे नगर निगम जगदलपुर के विकास और नागरिक सुविधाओं के सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply