आवेदन 26 दिसंबर तक आमंत्रित

जगदलपुर, 28 अक्टूबर 2026/ छत्तीसगढ़ शासन के विभिन्न विभागों में पदस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पदोन्नति व सेवा पुष्टि से जुड़ी बहुप्रतीक्षित विभागीय परीक्षा माह जनवरी 2027 की समय-सारिणी जारी कर दी गई है। गृह विभाग विभागीय परीक्षा प्रकोष्ठ नवा रायपुर द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार यह परीक्षाएं 27 जनवरी 2027 से शुरू होकर 03 फरवरी 2027 तक संचालित की जाएंगी। इस संबंध में कमिश्नर बस्तर संभाग श्री डोमन सिंह द्वारा बस्तर, कांकेर, दंतेवाड़ा, बीजापुर, नारायणपुर, सुकमा और कोंडागांव जिले के कलेक्टर्स को पत्र प्रेषित कर अधीनस्थ अधिकारियों-कर्मचारियों से समय-सीमा के भीतर आवेदन मंगाने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा का आयोजन राज्य के पांचों संभागीय मुख्यालयों रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, जगदलपुर और अंबिकापुर में संभागीय आयुक्तों द्वारा निर्धारित परीक्षा केंद्रों में किया जाएगा।

विभागीय परीक्षा में सम्मिलित होने के इच्छुक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित प्रारूप में अपने आवेदन संबंधित विभागाध्यक्ष अथवा जिला कलेक्टर कार्यालय में 26 दिसंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से जमा करने होंगे। इसके पश्चात सभी प्राप्त आवेदनों को संकलित कर संबंधित परीक्षा केंद्र के संभागीय आयुक्त कार्यालय में 28 दिसंबर 2026 तक भिजवाना सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे कि नवा रायपुर मंत्रालय से विषयवार प्रश्न-पत्रों की व्यवस्था की जा सके। अंतिम तिथि के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।

परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार संपूर्ण परीक्षाएं दो सत्रों में आयोजित होंगी, जिसमें प्रथम सत्र सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा द्वितीय सत्र दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा। परीक्षा के मध्य 30 एवं 31 जनवरी 2027 को शासकीय अवकाश रहेगा। परीक्षा के अंतिम दिन यानी 03 फरवरी को सभी विभागों के अधिकारियों के लिए हिन्दी निबंध एवं हिन्दी से अंग्रेजी अनुवाद की संयुक्त परीक्षा आयोजित की जाएगी।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply