
जगदलपुर, 31 अक्टूबर 2026/ कुम्हरावंड स्थित शहीद गुण्डाधूर कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र में स्वतंत्र भारत के प्रथम गृह मंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती को ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में बड़े ही उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा समाज में एकजुटता का संदेश देने वाली ‘एकता दौड़’ और भव्य ‘एकता परेड’ के साथ हुई। इसके उपरांत महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ आरएस नेताम एवं क्षेत्रीय कृषि अनुसंधान केन्द्र के सह-संचालक अनुसंधान डॉ एके ठाकुर ने सभी उपस्थित जनों को राष्ट्र की एकता, अखंडता, संप्रभुता और आंतरिक सुरक्षा के प्रति स्वयं को समर्पित करने की सत्यनिष्ठा से शपथ दिलाई।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ आरएस नेताम ने सरदार पटेल के जीवन प्रसंगों, उनकी दूरदर्शिता और रियासतों के एकीकरण में उनके ऐतिहासिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए एनसीसी के मूल मंत्र ‘एकता और अनुशासन’ को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ एके ठाकुर ने आजादी के बाद बिखरी हुई रियासतों को एक सूत्र में पिरोने के पटेल के दृढ़ संकल्प और अद्वितीय त्याग से सभी को अवगत कराया। वहीं विशिष्ट अतिथि प्रधान वैज्ञानिक डॉ एनसी मण्डावी ने लकड़ी के गट्ठर और बंद मुट्ठी का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत करते हुए संगठन की शक्ति का महत्व समझाया और सौहार्दपूर्ण वातावरण में देश की अखंडता बनाए रखने की अपील की।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आर. आर. कंवर ने भी छात्र जीवन में सजग रहकर देश की आंतरिक सुरक्षा में योगदान देने की बात कही। 9 सीजी एनसीसी यूनिट जगदलपुर के कमांडिंग अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल अरुण कण्डपाल के निर्देशन तथा सहायक प्राध्यापक डॉ गुन्जा ठाकुर व एनसीसी प्रभारी श्री एमबी तिवारी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने व्यापक जनभागीदारी निभाई।
इस अवसर पर एनसीसी कैडेट जीविका दल्लीवार व लोचन मीना, कैंपस एम्बेसडर हेमलता टण्डन तथा प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं में अलका चन्दन त्रिपाठी, यज्ञिका राजपूत व साई प्रसाद सोइन ने भी सरदार पटेल के प्रेरक व्यक्तित्व और कृतित्व पर अपने विचार रखे। गरिमामय कार्यक्रम का सफल मंच संचालन बी.एससी. कृषि तृतीय वर्ष की छात्रा कु. गुन्जा सेन ने किया, जबकि अंत में एनसीसी सार्जेंट दीपराज साहू ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।