
सिंगल विंडो व्यवस्था से अभिभावकों को मिली बड़ी राहत
जगदलपुर, 05 नवम्बर 2026/ दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ने और उनके दैनिक जीवन को सुगम व आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में समग्र शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एक सराहनीय पहल की गई है। कलेक्टर आशीष छिकारा एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित विशेष आकलन एवं मूल्यांकन शिविरों के माध्यम से दो दिनों के भीतर कुल 136 दिव्यांग छात्र-छात्राओं का आवश्यक सहायक उपकरणों के लिए चिन्हांकन किया गया।
इस अभियान के तहत 4 नवंबर को बीआरसी कार्यालय बस्तर में विकासखंड बस्तर एवं बकावंड के बच्चों के लिए शिविर आयोजित हुआ, जहां पहुंचे कुल 126 दिव्यांग विद्यार्थियों का पंजीयन एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच उपरांत विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने शारीरिक आवश्यकता के अनुसार 74 बच्चों का चयन कर उनके सहायक उपकरणों हेतु आवश्यक माप दर्ज किए। वहीं इससे पूर्व 3 नवंबर को जगदलपुर में आयोजित शिविर में जगदलपुर एवं लोहंडीगुड़ा विकासखंड के बच्चों का परीक्षण किया गया था, जिसमें 62 जरूरतमंद दिव्यांग विद्यार्थियों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने हेतु चिन्हित किया गया।
शिविर की सबसे उल्लेखनीय विशेषता इसकी सुव्यवस्थित ‘सिंगल विंडो’ प्रणाली रही। आमतौर पर दिव्यांग बच्चों के पालकों को मेडिकल बोर्ड, प्रमाण पत्र और अन्य दस्तावेजों के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ते हैं, लेकिन इस आयोजन में एक ही परिसर के भीतर स्वास्थ्य परीक्षण, दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी करने और समाज कल्याण विभाग के सहयोग से यूडीआईडी कार्ड बनाने की औपचारिकताएं पूरी कर दी गईं। इस सुगम व्यवस्था से अभिभावकों को भटकने से मुक्ति मिली और उन्होंने प्रशासन की इस संवेदनशीलता पर गहरा संतोष व्यक्त किया।
जांच प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के लिए जिला चिकित्सालय के मेडिकल बोर्ड से अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. लखन ठाकुर, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. नवदीप सिंह, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. राज, मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. रुखसार खान, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सरिता थॉमस और ऑडियोलॉजिस्ट साहू ने अपनी सेवाएं दीं।
इसके साथ ही समाज कल्याण विभाग के श्याम सुंदर एवं उनकी टीम ने यूडीआईडी कार्ड व प्रमाण पत्र तैयार करने का कार्य सुचारू रूप से संभाला।आयोजन समिति के अनुसार, प्रथम चरण में चिन्हांकन और माप लेने की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद अब आगामी द्वितीय चरण में विशेष वितरण शिविर आयोजित कर सभी चयनित बच्चों को उनकी आवश्यकतानुसार उपकरण प्रदान किए जाएंगे।
इस दो दिवसीय अभियान को सफल बनाने में जिला मिशन समन्वयक श्री अशोक पांडे, समावेशी शिक्षा प्रभारी श्री राजेश त्यागी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती देवांगन, बीआरसी श्री अजम्बर कोर्राम, बीआरपी बकावंड श्री चंद्रशेखर नायडू सहित सत्य प्रकाश साहू, अर्जुन कश्यप, नीलम यादव और शाहिद की सक्रिय व सराहनीय भूमिका रही।