
उसूर अनुभाग के धान उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के दिए निर्देश
नवीन उपार्जन केन्द्र तिम्मापुर में चबूतरा, शेड, पेयजल और विद्युत सहित सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर
किसानों को धान विक्रय में न हो किसी प्रकार की परेशानी, सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश
बीजापुर, 14 नवंबर 2026/ जिले में आगामी धान खरीदी को सुचारू, व्यवस्थित एवं किसान हितैषी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री विश्वदीप द्वारा उसूर अनुभाग के सुदूर क्षेत्रों में स्थित धान उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया गया। इस दौरान कलेक्टर ने बसागुड़ा, नवीन उपार्जन केन्द्र तिम्मापुर, उसूर एवं संकनपल्ली धान उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण करते हुए उपलब्ध सुविधाओं, आवश्यक संसाधनों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उपार्जन केंद्रों में पाई गई कमियों को तत्काल दूर करने तथा धान खरीदी प्रारंभ होने से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।कलेक्टर विश्वदीप ने कहा कि धान खरीदी शासन की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल है। किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

इसके लिए उपार्जन केंद्रों में बारदाना, पेयजल, विद्युत, चबूतरा, शेड, पहुंच मार्ग एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।*बसागुड़ा उपार्जन केंद्र में साफ-सफाई और बारदाने की व्यवस्था के निर्देश*कलेक्टर ने बसागुड़ा धान उपार्जन केंद्र के निरीक्षण के दौरान केंद्र परिसर एवं चबूतरे की समुचित साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही धान खरीदी के लिए आवश्यक बारदाने की तत्काल व्यवस्था करने तथा खरीदी कार्य में उपयोग होने वाली सभी महत्वपूर्ण सामग्रियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
नवीन तिम्मापुर उपार्जन केंद्र में विकसित होंगी आवश्यक सुविधाएं नवीन धान उपार्जन केंद्र तिम्मापुर के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केंद्र में तार फेंसिंग, कार्यालय एवं बैठक व्यवस्था के लिए शेड निर्माण, पेयजल तथा विद्युत सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त मनरेगा के अंतर्गत चबूतरा निर्माण एवं शौचालय निर्माण कराए जाने पर जोर दिया। उन्होंने नवीन केंद्र में धान खरीदी के सुचारू संचालन हेतु सभी आवश्यक सामग्रियों एवं बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
उसूर उपार्जन केंद्र में कार्यालय मरम्मत और मूलभूत सुविधाओं पर जोर
उसूर धान उपार्जन केंद्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने परिसर की साफ-सफाई, विद्युतीकरण, पेयजल व्यवस्था एवं शौचालय निर्माण के निर्देश दिए। उन्होंने पूर्व में निर्मित कार्यालय कक्ष की आवश्यक मरम्मत कराने को भी कहा। इस दौरान केंद्र में उपलब्ध सामग्रियों का अवलोकन कर खरीदी कार्य की तैयारियों की जानकारी ली। संकनपल्ली में शेड, पहुंच मार्ग एवं शौचालय निर्माण के निर्देश संकनपल्ली धान उपार्जन केंद्र में कलेक्टर ने किसानों की सुविधा एवं धान के सुरक्षित भंडारण को ध्यान में रखते हुए शेड निर्माण, मिट्टी-मुरूम सड़क निर्माण, शौचालय निर्माण तथा कार्यालय एवं बैठक व्यवस्था के लिए शेड निर्माण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने को कहा।
इलमिड़ी एवं आवापल्ली उपार्जन केंद्रों में भी व्यवस्थाएं सुदृढ़ करने की पहल इसी क्रम में इलमिड़ी एवं आवापल्ली धान उपार्जन केंद्रों का भी विभागीय स्तर पर निरीक्षण कर आवश्यक सुविधाओं एवं निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लिया गया।इलमिड़ी उपार्जन केंद्र में शौचालय निर्माण, लगभग 300 मीटर मिट्टी-मुरूम सड़क निर्माण, अधूरे कार्यालय भवन में आवश्यक शीट लगाने तथा चबूतरे पर शेड निर्माण की आवश्यकता सामने आई।इसी प्रकार आवापल्ली उपार्जन केंद्र में मुख्य सड़क से केंद्र तक लगभग 150 मीटर मिट्टी-मुरूम पहुंच मार्ग निर्माण, तार फेंसिंग एवं पेयजल व्यवस्था की आवश्यकता बताई गई। केंद्र परिसर में गोदाम एवं शौचालय निर्माण कार्य प्रगतिरत पाए गए।
किसानों को कृषक उन्नति योजना की दी गई जानकारी
निरीक्षण के दौरान उपार्जन केंद्रों में उपस्थित सरपंच, उपसरपंच एवं किसानों को धान खरीदी की व्यवस्थाओं तथा शासन की कृषक उन्नति योजना के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। किसानों को शासन द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
किसानों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता कलेक्टर विश्वदीप ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि धान खरीदी केंद्रों में किसानों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें। धान की तौल, भंडारण एवं खरीदी प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से संचालित हो तथा किसानों को अनावश्यक प्रतीक्षा या परेशानी का सामना न करना पड़े।जिला प्रशासन द्वारा सुदूर एवं अंदरूनी क्षेत्रों में धान खरीदी की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि अंतिम छोर के किसानों को भी अपने नजदीकी उपार्जन केंद्रों में सुगमता से धान विक्रय की सुविधा मिल सके।