
जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला
जगदलपुर, 16 नवम्बर 2026/ बस्तर की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय मंच तक पहुँचाने के उद्देश्य से सोमवार को तोकापाल में विकासखंड स्तरीय बस्तर ओलंपिक 2026 का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए श्रीमती वेदवती कश्यप ने कहा कि बस्तर ओलंपिक केवल एक साधारण खेल प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि यह बस्तर की माटी में छिपी खेल प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाने और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने का एक सुनहरा अवसर प्रदान करने का सशक्त मंच है।

उन्होंने विश्वास जताया कि इस आयोजन से ग्रामीण अंचल के युवा खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का मौका मिलेगा और वे भविष्य में बस्तर का नाम रोशन करेंगे। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों में जबरदस्त उत्साह और उमंग देखने को मिली।
इस गरिमामय अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष रामबती भंडारी, जिला पंचायत सदस्य पदमनी कश्यप, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष रितेश जोशी तथा जनपद सदस्य गंगा राम बघेल विशेष रूप से मंचासीन रहे। कार्यक्रम में क्षेत्र के समस्त सरपंचगण, विभिन्न विभागों के अधिकारीगण, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे, जिन्होंने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ाया।