स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान की हुई सराहना


जगदलपुर, 23 नवंबर 2026/ मितानिन दिवस के अवसर पर सोमवार को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, गीदम रोड में ‘मितानिन सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। समारोह में जमीनी स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने वाली मितानिनों, मितानिन प्रशिक्षकों और क्षेत्रीय समन्वयकों के समर्पण व उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम में नगर निगम जगदलपुर के सभापति श्री खेम सिंह देवांगन तथा स्वास्थ्य, चिकित्सा एवं स्वच्छता विभाग के सभापति श्री लक्ष्मण झा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अपने उद्बोधन में अतिथियों ने समाज को स्वस्थ रखने में मितानिनों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उनके निरंतर प्रयासों से स्वास्थ्य जागरूकता और सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने सभी मितानिनों का उत्साहवर्धन भी किया।


इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बसाक और डीपीएम डॉ. रीना लक्ष्मी ने भी मितानिनों के कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि शासकीय स्वास्थ्य योजनाओं का समुचित लाभ आमजन तक पहुंचाने में मितानिनों की सेवाएं अत्यंत महत्वपूर्ण और सराहनीय हैं।


समारोह के दौरान मितानिनों, मितानिन प्रशिक्षकों एवं क्षेत्रीय समन्वयकों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मान स्वरूप उपहार भेंट किए गए। इस मौके पर उपस्थित मितानिनों ने भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं निरंतर जारी रखने का आश्वासन दिया।


कार्यक्रम में शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. पूर्णिमा गजभीम सहित उनकी पूरी टीम मौजूद रही। पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन और अंत में आभार प्रदर्शन जिला प्रबंधक (शहरी) श्री पी.डी. बस्तिया द्वारा किया गया।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply