जगदलपुर, 06 मार्च 2025: टाउन क्लब ग्राउंड, दंतेश्वरी मंदिर के सामने आयोजित गांधी शिल्प बाजार, हस्तशिल्प प्रदर्शनी एवं बिक्री मेले का आज बस्तर सांसद महेश कश्यप ने निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने फीता काटकर मेले का शुभारंभ किया और विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर कारीगरों से संवाद किया।

उद्घाटन समारोह में बस्तर सांसद महेश कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान कई प्रतिष्ठित गणमान्य व्यक्तियों ने भी कार्यक्रम में शिरकत की। अपने संबोधन में सांसद कश्यप ने गांधी शिल्प बाजार जैसे आयोजनों के माध्यम से भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और बढ़ावा देने के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे हस्तशिल्प कलाकारों के कार्यों को सराहें और उन्हें प्रोत्साहित करें।

20 से अधिक शिल्प रूपों की प्रदर्शनी

इस भव्य प्रदर्शनी में भारत के विभिन्न राज्यों से आए कारीगरों और बुनकरों द्वारा निर्मित हस्तशिल्प उत्पादों की झलक देखने को मिल रही है। प्रदर्शनी में हाथ से बुने वस्त्र, बेंत और बांस शिल्प, मिट्टी के बर्तन, पत्थर की नक्काशी सहित 20 से अधिक शिल्प कलाओं को प्रदर्शित किया गया है।

गांधी शिल्प बाजार में कोसा साड़ी, ब्लॉक प्रिंट, लेदर क्राफ्ट, ढोकरा शिल्प, ज्वेलरी, बस्तर शिल्प, बाँस शिल्प, एम्ब्रायडरी वर्क, चंदेरी साड़ी, टेराकोटा, उड़ीसा पट्टचित्र, कालीन सिल्क, बनारसी साड़ी, जूट क्राफ्ट, वुड क्राफ्ट जैसी कलाकृतियां विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।

10 मार्च तक चलेगा मेला

गांधी शिल्प बाजार का आयोजन 10 मार्च तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक किया जाएगा। इस मेले में विभिन्न प्रकार के स्टॉल लगाए गए हैं, जहां देशभर की हस्तशिल्प विरासत को देखने और खरीदने का अवसर मिलेगा।

यह आयोजन स्थानीय एवं राष्ट्रीय स्तर के कारीगरों को एक मंच प्रदान करता है, जिससे वे अपनी कला को प्रदर्शित कर व्यापक दर्शकों तक पहुंच बना सकते हैं।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply