जगदलपुर: गर्मी के मौसम में पानी की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ने कमर कस ली है। इस बार नगर के 24 से अधिक वार्डों में नलकूप (बोरिंग) किए जाएंगे, जिससे हजारों परिवारों को राहत मिलेगी। महापौर संजय पांडे ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक किरण सिंह देव की अनुशंसा पर जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) से 27 बोरिंग स्वीकृत किए गए हैं।

महापौर ने बताया कि शहीद गुण्डाधुर वार्ड, अटल विहारी बाजपेयी वार्ड, सिविल लाइन वार्ड, गुरु गोविंद सिंह वार्ड, महेंद्र कर्मा वार्ड, वीर सावरकर वार्ड, सुंदरलाल शर्मा वार्ड, शांति नगर वार्ड, चंद्रशेखर वार्ड, राजेंद्र नगर वार्ड, गंगा नगर वार्ड, अब्दुल कलाम वार्ड, छत्रपति शिवाजी वार्ड, श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड, विजय वार्ड, बलिराम कश्यप वार्ड समेत अन्य क्षेत्रों में बोरिंग का कार्य किया जाएगा।

नगर निगम के अधिकारियों ने महापौर के निर्देश पर पूरी तैयारी कर ली है, और अगले दो-चार दिनों में खुदाई का कार्य शुरू हो जाएगा। हर साल गर्मी में जल संकट की स्थिति उत्पन्न होती है, इसे देखते हुए इस बार नगर निगम ने समय से पहले ही योजना बना ली है।

टैंकरों की मरम्मत भी जारी

जलस्तर के लगातार गिरने से नगर निगम और जनप्रतिनिधि चिंतित हैं। इसलिए बोरिंग के साथ-साथ पानी के टैंकरों की मरम्मत का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर टैंकरों के माध्यम से भी जल आपूर्ति की जा सके।

जनप्रतिनिधियों का आभार

महापौर संजय पांडे ने जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव और सांसद महेश कश्यप का धन्यवाद ज्ञापित किया, जिन्होंने नगर में 27 नलकूपों की स्वीकृति दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने बस्तर कलेक्टर हरिस एस का भी आभार जताया, जिन्होंने जिला खनिज संस्थान न्यास से नगर निगम को बोरिंग की स्वीकृति दिलाने में सहयोग किया।

नगर निगम की इस पहल से उम्मीद की जा रही है कि इस बार गर्मी के मौसम में नागरिकों को पानी की किल्लत का सामना नहीं करना पड़ेगा।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply