कलेक्टर ने सेवानिवृति पर दी भावभीनी विदाई

रिपोर्ट – जय शंकर पांडे


               जगदलपुर, 01 मार्च 2026/ कलेक्टोरेट के आस्था कक्ष में शुक्रवार को आयोजित एक गरिमामय समारोह के दौरान फरवरी माह में सेवानिवृत्त हुए 13 अधिकारी-कर्मचारियों को उनकी दीर्घकालिक और समर्पित सेवाओं के उपरांत भावभीनी विदाई दी गई। इस विदाई समारोह में प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ पेंशनर संघ के पदाधिकारी और सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिससे माहौल काफी भावुक और सम्मानजनक बन गया।


       इस विदाई समारोह को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों के योगदान की प्रशंसा की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस मौके पर कलेक्टर ने आह्वान किया कि सेवानिवृत्त होने वाले सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने जीवन के बहुमूल्य अनुभव को समाज के साथ साझा करें, ताकि समाज के उत्थान में उनके ज्ञान का लाभ लिया जा सके। उन्होंने कहा कि एक अनुभवी व्यक्ति की भूमिका समाज के मार्गदर्शक के रूप में अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। इसी क्रम में कलेक्टर ने पेंशन प्रकरणों को प्राथमिकता के साथ निराकृत किए जाने के लिए कोषालय अधिकारी और कर्मचारियों की सराहना की।

                उन्होंने विभाग को सजग करते हुए निर्देश दिए कि आगामी छह माह में सेवानिवृत्त होने वाले सभी शासकीय सेवकों के पेंशन व अन्य देयकों से संबंधित प्रकरणों को समयबद्ध ढंग से और पूरी तत्परता के साथ पूर्ण किया जाए। उनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सेवानिवृत्ति के दिन ही कर्मचारी को उसके सभी स्वत्व प्राप्त हो जाएं और उसे किसी भी प्रकार की मानसिक या आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े। कार्यक्रम के अंत में सभी सेवानिवृत्त साथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया और पेंशनर संघ के सदस्यों ने उनका अपने परिवार में स्वागत किया।

सम्पादक – ऋषभ कुमार

मो.–6266449977

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply