डिजिटल नवाचार और हर्बल गुलाल निर्माण की सराहना

रिपोर्ट – जय शंकर पांडे



जगदलपुर, 02 मार्च 2026/ कलेक्टर बस्तर श्री आकाश छिकारा ने रविवार को जगदलपुर के कुम्हरावंड स्थित क्रांतिकारी डेबरीधुर उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र का भ्रमण किया। उनके साथ इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त श्री प्रवीण वर्मा भी उपस्थित थे। महाविद्यालय पहुँचने पर अधिष्ठाता डॉ. गणेश प्रसाद नाग ने उनका आत्मीय स्वागत किया और संस्थान में संचालित शैक्षणिक, अनुसंधान तथा प्रसंस्करण गतिविधियों की विस्तृत जानकारी साझा की। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विभिन्न कक्षों, प्रयोगशाला और विभिन्न अनुसंधान इकाइयों का अवलोकन किया। उन्होंने वैज्ञानिकों और विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए क्षेत्रीय फसलों पर हो रहे शोध कार्यों की सराहना की और उद्यानिकी खेती को आधुनिक बनाने पर जोर दिया।


          कलेक्टर ने भ्रमण के दौरान विशेष रूप से कॉफी, हल्दी, इमली, ऑर्किड, पैशन फ्रूट, अमरूद एवं आम जैसी महत्वपूर्ण फसलों पर चल रहे अनुसंधान एवं प्रदर्शन कार्यों का अवलोकन किया। इन फसलों की गुणवत्ता और बाजार मूल्य को देखते हुए कलेक्टर ने इनके उत्पादन, प्रसंस्करण और बेहतर विपणन रणनीति तैयार करने हेतु बहुमूल्य सुझाव दिए। कलेक्टर श्री छिकारा ने विश्वविद्यालय द्वारा किसानों के हित में विकसित ‘बारकोड प्रणाली’ वाले कैलेंडर की विशेष रूप से प्रशंसा की और इसे डिजिटल नवाचार की दिशा में एक क्रांतिकारी पहल बताया। इसके साथ ही, उन्होंने चित्रकोट (लोहंडीगुड़ा) स्थित उद्यानिकी फार्म के सुनियोजित विकास के संबंध में आगामी अप्रैल माह में एक विशेष बैठक आयोजित करने का आश्वासन दिया, ताकि क्षेत्रीय कृषि विकास को एक नई गति मिल सके।
  

         संस्थान की सामाजिक सहभागिता की सराहना करते हुए कलेक्टर ने हाल ही में आयोजित दो दिवसीय हर्बल गुलाल प्रशिक्षण को सराहा। उन्होंने एक नवाचारी सुझाव देते हुए कहा कि मां दन्तेश्वरी मंदिर में चढ़ाए गए फूलों का सदुपयोग कर अधिक से अधिक मात्रा में हर्बल गुलाल तैयार किया जाए, जिससे धार्मिक श्रद्धा के साथ-साथ स्वरोजगार के अवसर भी पैदा हों। भ्रमण के अंत में उन्होंने महाविद्यालय परिसर की सुव्यवस्थित प्रस्तुति, पोस्टरों और बैनरों के माध्यम से दी गई जानकारी की प्रशंसा करते हुए समस्त टीम को बधाई दी। इस अवसर पर महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय दुर्ग के छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. अमित दीक्षित, अधिष्ठाता उद्यानिकी महाविद्यालय सोनारपाल डॉ. ईसू साहू, उद्यानिकी विभाग की उप संचालक श्रीमती आकांक्षा सिन्हा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

संपादक – ऋषभ कुमार

मो.–6266449977

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply