रिपोर्ट –ऋषभ कुमार

इतनी सुरक्षा के बाद भी कैदी सेंट्रल जेल से फरार
26 मार्च 2026,जगदलपुर : जगदलपुर केंद्रीय जेल से एक कैदी के फिल्मी अंदाज़ में फरार होने की सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसने जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार फरार कैदी की पहचान महेंद्र दीवान के रूप में हुई है, जो कांकेर का निवासी बताया जा रहा है। वह चोरी के मामले में पिछले करीब एक साल से जेल में बंद था। यह घटना 25 मार्च के रात की है।

बताया जा रहा है कि शातिर कैदी ने कंबल और चादर को जोड़कर रस्सी बनाई और उसी के सहारे जेल की ऊंची दीवार फांदकर फरार हो गया। घटना का खुलासा तब हुआ जब कैदियों की नियमित रिकाउंटिंग की गई और उसकी गैरमौजूदगी सामने आई।
सूत्रों के मुताबिक, महेंद्र दीवान पहले भी दंतेवाड़ा जेल ब्रेक कांड में शामिल रह चुका है, जिससे उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि और भी गंभीर मानी जा रही है।
कैदी के फरार होने की खबर मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में अलर्ट जारी कर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
सवाल के घेरे में जेल प्रशासन –
अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर इतनी कड़ी सुरक्षा के बावजूद कैदी कैसे फरार हो गया?
क्या जेल की सुरक्षा में कहीं न कहीं बड़ी चूक हुई है?
इस घटना ने पूरे सिस्टम को कटघरे में खड़ा कर दिया है।
संपादक –ऋषभ कुमार
मो.–6266449977