रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

स्मार्ट क्लास, लैब और शैक्षणिक भ्रमण के माध्यम से शिक्षा स्तर में सुधार के प्रयास
सरकारी स्कूलों में बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम प्राप्त करने के लिए कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने दिए सुझाव
जगदलपुर, 13 जून 2026/ कलेक्टर श्री आकाश छिकारा एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री प्रतीक जैन ने जिले में संचालित 178 शासकीय हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्यों की बैठक लेकर कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणामों की समीक्षा की। शुक्रवार को टाउन हॉल जगदलपुर में आयोजित समीक्षा बैठक में आगामी शिक्षा सत्र में परीक्षा परिणामों में सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री छिकारा ने प्राचार्यों को निर्देशित किया कि शाला प्रारंभ होने के पहले दिन से ही विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। शासन द्वारा निर्धारित पाठ्यक्रम को समय-सीमा में पूर्ण करने के साथ-साथ साप्ताहिक, मासिक, त्रैमासिक, अर्धवार्षिक एवं प्री-बोर्ड परीक्षाओं का नियमित आयोजन किया जाए। उन्होंने कहा कि मासिक परीक्षा परिणामों की जानकारी पालक-बालक सम्मेलन के माध्यम से अभिभावकों तक पहुंचाई जाए, ताकि बच्चों की शैक्षणिक प्रगति पर सतत निगरानी रखी जा सके।
कलेक्टर ने दीक्षा एप में उपलब्ध शैक्षणिक वीडियो सामग्री का उपयोग कर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षण प्रदान करने, प्रयोगशालाओं का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने तथा मासिक परीक्षाओं में विकासखंड स्तर पर कक्षा 10वीं एवं 12वीं के सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले 15-15 विद्यार्थियों को जिले के पर्यटन एवं शैक्षणिक स्थलों का भ्रमण कराने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान वर्ष 2025-26 में कमजोर परीक्षा परिणाम देने वाली शालाओं को विशेष रूप से चिन्हित कर आगामी सत्र में सुधार लाने के निर्देश दिए गए। संबंधित शिक्षकों को निर्धारित समय-सीमा में पाठ्यक्रम पूर्ण कराने और शिक्षण की गुणवत्ता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री प्रतीक जैन ने कहा कि प्राचार्य स्वयं भी प्रतिदिन कम से कम एक कालखंड में अध्यापन करें तथा शिक्षकों के कक्षा संचालन का नियमित अवलोकन करें। उन्होंने पूर्व सत्र की कमियों का विश्लेषण कर नई रणनीति के साथ अध्ययन-अध्यापन कार्य संचालित करने पर बल दिया।
कलेक्टर ने शाला प्रारंभ होने से पूर्व विद्यालय एवं परिसर की साफ-सफाई सुनिश्चित करने, प्राप्त पाठ्यपुस्तकों का स्कैनिंग कार्य पूर्ण करने, पहले दिन से गुणवत्तायुक्त मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराने तथा विद्यार्थियों को गणवेश वितरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने नए विद्यार्थियों का तिलक एवं पुष्पमाला से स्वागत कर विद्यालय में सकारात्मक वातावरण निर्मित करने की बात कही।बैठक में विकासखंड एवं जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव के आयोजन हेतु उपयुक्त स्थलों का चयन करने तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में उत्सव आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्री बी आर बघेल , जिला मिशन समन्वयक श्री अशोक पांडेय, एडीपीओ, जिले के सातों विकासखंडों के खंड शिक्षा अधिकारी, खंड स्रोत समन्वयक एवं सभी शासकीय हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित थे।