रिपोर्ट ओम साहू
नोएडा में यूट्यूबर की Lamborghini ने दो लोगों को मारी टक्कर, टेस्ट ड्राइव के दौरान हुआ हादसा!
नोएडा के सेक्टर 94 में रविवार शाम एक भयानक सड़क हादसा हुआ, जहां एक तेज़ रफ़्तार Lamborghini ने दो लोगों को टक्कर मार दी। इस लक्ज़री कार के मालिक मशहूर यूट्यूबर मृदुल तिवारी बताए जा रहे हैं, जिनके यूट्यूब पर 1.9 करोड़ फॉलोअर्स हैं। पुलिस ने मृदुल को पूछताछ के लिए समन भेजा है।
टेस्ट ड्राइव बनी हादसे की वजह?
हादसे के समय कार की स्टेयरिंग पर बैठा व्यक्ति कोई आम शख्स नहीं, बल्कि दीपक नामक एक कार ब्रोकर था, जो दिल्ली-एनसीआर में लक्ज़री कारों की डीलिंग करता है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दीपक इस कार को टेस्ट ड्राइव पर ले गया था, लेकिन इसकी अनुमति किसने दी, यह अब भी सवालों के घेरे में है।
हादसे के बाद दीपक का बेतुका बयान
टक्कर के बाद जब स्थानीय लोगों ने दीपक को घेर लिया और उससे सवाल किए, तो उसने “कोई मरा तो नहीं?” जैसे हैरान करने वाले शब्द कहे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दीपक ओवरस्पीडिंग कर रहा था, लेकिन जब उससे पूछा गया, तो उसने कहा कि “मैं तो हल्के से एक्सीलेटर दबा रहा था।” इस पर गुस्साए लोगों ने कहा, “यही हल्का था?”
क्या मृदुल तिवारी भी हैं जिम्मेदार?
फिलहाल, पुलिस यह जांच कर रही है कि यूट्यूबर मृदुल तिवारी ने खुद कार दी थी या फिर किसी और ने इसकी अनुमति दी थी। पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल मामले में गाड़ी को ज़ब्त कर लिया है और दीपक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
घायल मज़दूर अब सुरक्षित
इस खतरनाक हादसे में घायल हुए दोनों मज़दूरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें अब खतरे से बाहर बताया है। पुलिस इस मामले में और गहराई से जांच कर रही है कि कहीं इसमें कोई और बड़ा नाम तो शामिल नहीं है।
क्या यह हादसा सिर्फ एक टेस्ट ड्राइव का नतीजा था या फिर इसके पीछे कुछ और राज़ छिपे हैं? पुलिस जल्द ही इस पर से पर्दा उठा सकती है!