रिपोर्ट –जय शंकर पांडे

शिविर में 155 ग्रामीणों की हुई आधुनिक एक्स-रे जांच
जगदलपुर, 22 अप्रैल 2026/ प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत देश को क्षय रोग से मुक्ति दिलाने की दिशा में बुधवार को बस्तर जिले के तोकापाल विकासखंड में एक प्रभावी पहल हुई।कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजय बसाक के निर्देशन में संचालित ‘100 दिवसीय टीबी अभियान’ के तहत आज क्षेत्र के उच्च जोखिम वाले ग्रामों में सघन जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस विशेष अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आधुनिक तकनीक का प्रदर्शन करते हुए हैंड-हेल्ड एक्स-रे मशीन के माध्यम से ग्रामीणों की मौके पर ही जांच संपन्न की।

इस अभियान की सफलता और जमीनी स्तर पर इसके क्रियान्वयन की जानकारी देते हुए खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. ऋषभ साव ने बताया कि आज विकासखंड के उच्च जोखिम वाले ग्राम छापरभानपुरी में 115 और सिरिसगुड़ा में 40 संभावित मरीजों की पहचान कर उनका डिजिटल एक्स-रे किया गया। इस प्रकार कुल 155 लोगों की स्क्रीनिंग की गई, जिससे टीबी के लक्षणों वाले मरीजों की त्वरित पहचान संभव हो सकी है। डॉ. साव ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि हैंड-हेल्ड एक्स-रे तकनीक स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक क्रांतिकारी बदलाव साबित हो रही है, क्योंकि इसके माध्यम से सुदूर वनांचल क्षेत्रों में भी मरीजों को घर के निकट ही उच्च स्तरीय जांच की सुविधा मिल रही है, जिससे उनके समय और धन दोनों की बचत हो रही है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित इस 100 दिवसीय अभियान का मुख्य उद्देश्य टीबी के संभावित मरीजों की शीघ्र पहचान कर उन्हें तत्काल उपचार उपलब्ध कराना है, ताकि संक्रमण की कड़ी को समय रहते तोड़ा जा सके। प्रशासन की इस सक्रियता से न केवल मरीजों को काफी लाभ पहुंच रहा है, बल्कि ग्रामीणों के बीच स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ रही है। बीएमओ डॉ. ऋषभ साव ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे स्वास्थ्य विभाग की इस मुहिम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें ताकि प्रधानमंत्री के टीबी मुक्त भारत के सपने को साकार किया जा सके।