रिपोर्ट –जय शंकर पांडे

13 मई 2026, बीजापुर में सुरक्षा बलों को नक्सल उन्मूलन अभियान में बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में माओवादियों के पुराने डंप और ठिकानों से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक सामग्री और 65 लाख 52 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बीजापुर पुलिस, डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की है।
बीजापुर जिले के सुदूर और अतिसंवेदनशील इलाकों में पिछले एक महीने से लगातार चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने माओवादियों के कई पुराने डंपों का पता लगाया। ग्रामीणों के सहयोग और मजबूत आसूचना तंत्र के आधार पर की गई इस कार्रवाई में एलएमजी, एसएलआर, कार्बाइन, .303 रायफल समेत 32 हथियार और बड़ी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा 65 लाख 52 हजार रुपये नकद राशि भी जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि वर्ष 2024 से अब तक संयुक्त अभियानों में 517 हथियार, 1092 आईईडी और 20 करोड़ 8 लाख 52 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की जा चुकी है। वहीं 234 माओवादी मारे गए, 1192 गिरफ्तार हुए और 1003 माओवादी पुनर्वासित किए गए हैं।