रिपोर्ट –जय शंकर पांडे



26 मई 2026, रायपुर: झीरम घाटी घटना को लेकर कांग्रेस द्वारा भाजपा पर लगाए जा रहे आरोपों पर प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब एक बार फिर इस संवेदनशील मुद्दे को राजनीतिक रंग देकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है।

    “कांग्रेस पहले अपने पांच साल का हिसाब दे”
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि वर्ष 2018 से 2023 तक प्रदेश में कांग्रेस की सरकार रही, लेकिन उस दौरान झीरम घाटी मामले की जांच किसी ठोस निष्कर्ष तक नहीं पहुंच सकी। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि कांग्रेस के पास पर्याप्त सबूत और तथ्य थे, तो पांच वर्षों में कार्रवाई क्यों नहीं हुई।



“शहीदों की भावनाओं का राजनीतिक उपयोग कर रही कांग्रेस”

उन्होंने कहा कि झीरम घाटी की घटना प्रदेश और देश के लिए बेहद दुखद थी, जिसमें कई वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और सुरक्षाकर्मियों ने अपने प्राण गंवाए। भाजपा हमेशा इस मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों को सजा दिलाने के पक्ष में रही है, लेकिन कांग्रेस इस विषय को राजनीतिक हथियार की तरह इस्तेमाल कर रही है।

  एसआईटी की भूमिका पर भी उठाए सवाल

वन मंत्री ने कांग्रेस शासनकाल में गठित एसआईटी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े करते हुए कहा कि जनता को सिर्फ आश्वासन मिले, लेकिन कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया। अब सत्ता से बाहर होने के बाद भाजपा पर आरोप लगाकर कांग्रेस अपनी राजनीतिक जमीन बचाने की कोशिश कर रही है।



   “भाजपा पर लगाए गए आरोप निराधार”

केदार कश्यप ने कहा कि भाजपा पर जांच प्रभावित करने या षड्यंत्र रचने जैसे आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं। उन्होंने कहा कि न्यायिक और कानूनी प्रक्रियाएं संविधान के तहत चलती हैं और किसी भी पक्ष द्वारा कानूनी अधिकारों का इस्तेमाल करना लोकतांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा है।

  “बस्तर में विकास का माहौल बना रही भाजपा सरकार”
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बस्तर में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सुरक्षा के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है। विकास और विश्वास के माहौल से कांग्रेस परेशान है। भाजपा शहीदों के सम्मान में राजनीति नहीं करती, बल्कि उनके सपनों का सुरक्षित और विकसित बस्तर बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply