रिपोर्ट ओम साहू
जगदलपुर, 10 अप्रैल 2025।
राज्य शासन द्वारा सुशासन को धरातल पर उतारने और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में चलाए जा रहे सुशासन तिहार का असर लगातार देखने को मिल रहा है। जिले के ग्रामीण इलाकों में तीसरे दिन भी लोगों का उत्साह चरम पर रहा। ग्राम पंचायत मुख्यालयों में बनाए गए आवेदन पत्र प्राप्ति स्थलों पर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी।
ग्रामीणों ने योजनाओं के लाभ से वंचित होने, राशन कार्ड, पेयजल संकट, वृद्धावस्था पेंशन जैसी समस्याओं को लेकर अपने आवेदन जमा किए। बकावंड ब्लॉक मुख्यालय में जगमती देवांगन, दशमी, डालिम नाग सहित कई महिलाएं पेयजल संकट की शिकायत लेकर पहुंचीं। वहीं हेमकुमारी कश्यप ने नया राशन कार्ड बनाने के लिए आवेदन जमा किया। बकावंड के पुजारीपारा निवासी बुजुर्ग चिंगड़ू कश्यप ने वृद्धावस्था पेंशन के लिए आवेदन प्रस्तुत किया।
करपावंड के साप्ताहिक बाजार में भी बड़ी संख्या में महिलाएं अपनी मांगों के आवेदन लेकर पहुंचीं। सरगीपाल में सरपंच तुलसी भारती ने बताया कि कई बुजुर्ग ग्रामीण आवेदन लिखने में असमर्थ हैं, ऐसे लोगों के लिए आवेदन तैयार कर उन्हें दिया जा रहा है।
शहरी क्षेत्र में भी नागरिकों ने मूलभूत समस्याओं जैसे सड़क, पानी, सफाई आदि से संबंधित शिकायतें समाधान पेटियों में डालीं।
तीन चरणों में हो रहा सुशासन तिहार 2025 का आयोजन
सुशासन तिहार तीन चरणों में आयोजित किया जा रहा है:
- पहला चरण (8 से 11 अप्रैल 2025): जनता से आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं।
- दूसरा चरण (अप्रैल-मई): आवेदनों का परीक्षण एवं निराकरण।
- तीसरा चरण (5 से 31 मई 2025): समाधान शिविरों का आयोजन।
प्रत्येक ग्राम पंचायत, नगरीय निकाय, जनपद, तहसील, एसडीएम और जिला कार्यालयों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आवेदन लिए जा रहे हैं। हाट-बाजारों और कॉमन सर्विस सेंटरों के माध्यम से भी सुविधा उपलब्ध कराई गई है। साथ ही एक विशेष पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी दी गई है।
WhatsApp चैनल से जुड़ें:
https://whatsapp.com/channel/0029VbAbdQJD8SDwJjkqXr0N