रिपोर्ट: ओम साहू
जगदलपुर, 10 अप्रैल 2025/ — अब ग्रामीण भी साइबर ठगी से होंगे सतर्क! राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान योजना) के अंतर्गत जिला पंचायत बस्तर के सभागार में बुधवार को एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन हुआ, जिसका फोकस था — “साइबर क्राइम से बचाव और वित्तीय साक्षरता।”
कार्यशाला का संचालन जिला पंचायत सीईओ श्री प्रतीक जैन के मार्गदर्शन में एनआरएलएम टीम के सहयोग से किया गया।
राज्य वित्तीय समावेशन समन्वयक श्री खगेन्द्र कुमार एवं नीति आयोग के विकास समन्वयक ने इस कार्यक्रम में भाग लेकर प्रतिभागियों को डिजिटल लेनदेन की सुरक्षा से जुड़ी अहम जानकारी दी।
उन्होंने बताया, “आज के युग में साइबर सुरक्षा केवल एक तकनीकी विषय नहीं, बल्कि जरूरी जीवन-कौशल बन गया है।”
फर्जी कॉल, लिंक, ओटीपी फ्रॉड और मोबाइल ऐप ठगी जैसे मामलों पर विस्तार से समझाते हुए उन्होंने बताया कि पासवर्ड साझा न करें और अंजान लिंक पर क्लिक न करें।
कार्यशाला में एनआरएलएम के पीआरपी, वरिष्ठ अधिकारी एवं सामुदायिक प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
अंतिम सत्र में प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए और सीखी गई बातों का प्रस्तुतीकरण भी किया गया। यह पहल पंचायत स्तर पर विस्तार से लागू करने की योजना बनाई गई है।
बस्तर में तकनीक के साथ जागरूकता की यह नई लहर अब गांव-गांव पहुंचेगी।