रिपोर्ट: ओम साहू
मेरे WhatsApp चैनल से जुड़ें
रायपुर, 13 अप्रैल 2025।
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री श्री विजय शर्मा शनिवार को अपने एक दिवसीय सुकमा प्रवास पर पहुँचे, जहाँ उन्होंने कलेक्ट्रेट कार्यालय में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के पंचायत प्रतिनिधियों से विस्तारपूर्वक चर्चा की। इस संवाद का उद्देश्य बस्तर को माओवाद मुक्त बनाने के प्रयासों को मजबूती देना था।
श्री शर्मा ने पंचायत प्रतिनिधियों से उनके क्षेत्रों की स्थिति, आवश्यकताओं और चुनौतियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बस्तर असीम संभावनाओं वाला क्षेत्र है और यहाँ के युवा बेहद प्रतिभाशाली हैं। माओवाद के कारण विकास की प्रक्रिया में बाधा आती रही है, जिसे अब समाप्त करने का समय आ गया है।
उन्होंने घोषणा की कि माओवाद मुक्त घोषित पंचायतों को राज्य सरकार 1 करोड़ रुपये की विशेष विकास निधि देगी। साथ ही उन गाँवों को बस सेवा, मोबाइल नेटवर्क और बिजली कनेक्टिविटी से जोड़ा जाएगा। जनपद एवं जिला पंचायत प्रतिनिधियों को भी पृथक रूप से विकास कार्यों के लिए राशि प्रदान की जाएगी।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि जो नक्सली मुख्यधारा में लौटना चाहें, उनके पुनर्वास की पूरी व्यवस्था की जाएगी। आत्मसमर्पण करने वालों को 50 हजार रुपये की तात्कालिक सहायता और 4 से 5 महीने के आवासीय कौशल प्रशिक्षण में शामिल किया जाएगा, जिसमें रहने-खाने की सुविधा और प्रतिमाह 10 हजार रुपये की सहायता भी मिलेगी।
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि प्रधानमंत्री आवास प्लस योजना के तहत अधिक से अधिक पात्र लोगों का पंजीयन कराया जाए, ताकि सभी को पक्के मकान की सुविधा मिल सके।
उन्होंने कहा, “केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में माओवाद मुक्त छत्तीसगढ़ का सपना जल्द ही साकार होगा।”
इस अवसर पर महिला आयोग की सदस्य सुश्री दीपिका सोरी, आईजी श्री सुंदरराज पी., डीआईजी श्री कमलोचन कश्यप, कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव, एसपी श्री किरण चव्हाण, जनप्रतिनिधिगण, जनपद व जिला पंचायत सदस्य, सरपंचगण एवं अधिकारीगण उपस्थित थे।