रिपोर्ट–जय शंकर पांडे

जगदलपुर, 10 जून 2026/ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष के कार्यकाल के गौरवमयी उपलक्ष्य में संपूर्ण प्रदेश के साथ-साथ जिले में भी “विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” कार्यक्रम का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस महाअभियान का मुख्य ध्येय केंद्र एवं राज्य सरकार की समस्त जनकल्याणकारी एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं का सीधा लाभ समाज के अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसी कड़ी में आगामी 18 जून से 20 जून तक प्रत्येक राजस्व अनुविभाग स्तर पर 3-दिवसीय वृहद पंजीकरण शिविरों का आयोजन सुनिश्चित किया गया है, जिसके सफल क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर श्री आकाश छिकारा द्वारा आवश्यक तैयारी सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य न केवल नए हितग्राहियों का पंजीकरण करना है, बल्कि पूर्व से संचालित योजनाओं में आ रही तकनीकी दिक्कतों, त्रुटि सुधारों और नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही त्वरित निवारण करना भी है। शिविरों के माध्यम से आमजन को सीधे लाभान्वित करने के लिए शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं को शामिल किया गया है, जिनमें आयुष्मान भारत, आयुष्मान वयवंदन, पीएम सूर्यघर, पीएम स्वनिधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, पीएम कौशल विकास योजना और विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं प्रमुख हैं। इन सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे शिविर स्थल पर ही पंजीयन और सुविधा लाभ दिए जाने की समुचित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने इस वृहद त्रि-दिवसीय अभियान को सुचारू और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रत्येक सब-डिवीजन स्तर पर संबंधित अनुविभागीय अधिकारी को नोडल अधिकारी का दायित्व सौंपा गया है। इन नोडल अधिकारियों पर कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन और हर पात्र व्यक्ति तक पहुंच बनाने की सीधी जिम्मेदारी होगी। इसके साथ ही शिविरों के आयोजन से पूर्व ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं, जिसमें स्थानीय कोटवारों के माध्यम से गांव-गांव में मुनादी कराई जाएगी, साथ ही मीडिया के माध्यम से ही भी प्रचार-प्रसार किया जाएगा। जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने नजदीकी अनुविभाग स्तर पर आयोजित होने वाले शिविरों में पहुंचकर शासन की इन कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।