रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

12 जून 2026, जगदलपुर। आज इंदिरा वार्ड के उपचुनाव में निर्वाचित पार्षद रामकृष्ण तिवारी ने शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुशील मौर्य, नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी, कांग्रेस पार्षद दल के सदस्यगण व पार्टी पदाधिकारी की उपस्थिति में जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा ने निर्वाचित पार्षद रामकृष्ण तिवारी को शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण के बाद शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुशील मौर्य,नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी सहित कांग्रेस पार्षदों व उपस्थित कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित पार्षद रामकृष्ण तिवारी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि इंदिरा वार्ड की जनता ने विकास, जनसेवा और जनविश्वास की राजनीति पर मुहर लगाते हुए कांग्रेस को अपना समर्थन दिया है। यह जीत वार्डवासियों की अपेक्षाओं और विश्वास का प्रतीक है।रामकृष्ण तिवारी की जीत और उनका शपथ ग्रहण इंदिरा वार्ड के विकास के लिए एक नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता के मुद्दों को प्राथमिकता देती रही है और वार्ड की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी। नवनिर्वाचित पार्षद जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए वार्ड के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।
नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने कहा कि नगर निगम में कांग्रेस पार्षद दल जनता के हितों की आवाज को मजबूती से उठाता रहा है और अब रामकृष्ण तिवारी के जुड़ने से वार्ड की समस्याओं एवं विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से रखा जा सकेगा।उन्होंने विश्वास जताया कि नवनिर्वाचित पार्षद जनसेवा, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
नवनिर्वाचित पार्षद रामकृष्ण तिवारी ने इंदिरा वार्ड की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि वार्ड की सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों के निराकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी और जनता के साथ निरंतर संवाद बनाए रखते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान गौरनाथ नाग, वेंकट राव, महामंत्री व पार्षद जाहिद हुसैन,सुशीला बघेल,शुभम यदू, राकेश मौर,जस्टिन भवानी, आभास महंती,मकसूद रज़ा, शंकर सेन,आयुक्त नगर निगम,एसडीएम ऋषिकेश तिवारी,निगम कर्मचारी रानू साहा,अनिल पिल्ले,कुलदीप पाणिग्रही,मीना पटेल, अरिंदम शंकर व वार्डवासी मौजूद रहे।