रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

जगदलपुर, 12 जून। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत पथ एवं फुटकर विक्रेताओं को स्वरोजगार के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संजय मार्केट में प्रधानमंत्री स्वनिधि लोन महोत्सव मेले का आयोजन किया गया। मेले में बड़ी संख्या में पथ एवं फुटकर विक्रेताओं ने अपने व्यवसाय के विस्तार के लिए ऋण आवेदन जमा किए।

शिविर में हितग्राहियों की सुविधा के लिए आवेदन पत्रों को ऑनलाइन करने की व्यवस्था भी की गई थी। साथ ही अग्रणी बैंक सहित विभिन्न राष्ट्रीयकृत बैंकों के काउंटर लगाए गए, जहां आवेदकों को ऋण प्रक्रिया, पात्रता और अन्य आवश्यक जानकारियां प्रदान की गईं।

शिविर के सफल संचालन के लिए नगर निगम आयुक्त श्री प्रवीण कुमार वर्मा द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। शिविर में ऋण प्राप्त करने के इच्छुक हितग्राहियों से आधार कार्ड, बैंक पासबुक, पैन कार्ड की छायाप्रति तथा पासपोर्ट आकार का फोटो जमा कराने को कहा गया।

नगर निगम द्वारा हितग्राहियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आगामी 16 एवं 19 जून को भी संजय नगर मार्केट स्थित पैनी पसारी डोम शेड में प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक शिविर आयोजित किया जाएगा।

नगर निगम आयुक्त श्री प्रवीण कुमार वर्मा ने निगम क्षेत्र के सभी पथ एवं फुटकर विक्रेताओं से अपील की है कि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का लाभ उठाएं और अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए ऋण सुविधा प्राप्त करें।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply