रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहकारिता की भूमिका अहम, अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ें – मंत्री श्री केदार कश्यप
सहकारी सप्ताह के जरिए गांव-गांव पहुंचेगा सहकारिता का संदेश, किसानों और ग्रामीणों को जोड़ने सहकारी सप्ताह में होंगे व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम
सहकारिता के विस्तार पर ज़ोर, मंत्री श्री केदार कश्यप ने वर्चुअल बैठक में दिए दिशा-निर्देश
जगदलपुर, 24 जून 2026/ सहकारिता मंत्रालय भारत सरकार की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 29 जून से 06 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाले “सहकारी सप्ताह” के सफल आयोजन और व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सहकारिता मंत्री श्री केदार कश्यप ने संभाग स्तरीय वर्चुअल बैठक ली। बैठक में सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्रों तक इसकी पहुंच बढ़ाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित जगदलपुर की ओर से बैंक अध्यक्ष श्री दिनेश कश्यप बैंक मुख्यालय से एवं उपाध्यक्ष श्री श्रीनिवास मिश्रा सुकमा नोडल कार्यालय से वर्चुअल माध्यम से जुड़े। इसके साथ सहकारिता विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं विभिन्न सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि भी वर्चुअल बैठक में सम्मिलित हुए।

बैठक में मंत्री श्री केदार कश्यप ने निर्देश दिए कि सहकारी सप्ताह के दौरान प्राथमिक कृषि साख समितियां (पैक्स/लैम्प्स), वनोपज, दुग्ध, मत्स्य एवं बहुउद्देशीय सहकारी समितियां अपने-अपने क्षेत्रों में विविध गतिविधियां और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करें, ताकि सहकारिता आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।
उन्होंने कहा कि सहकारिता केवल आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक समावेशन, ग्रामीण विकास और आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव है। मंत्री ने सभी संस्थाओं से अधिक से अधिक लोगों को सहकारिता से जोड़ने और किसानों, ग्रामीणों व आमजन के हित में संचालित योजनाओं की जानकारी घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया।
जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित, जगदलपुर द्वारा भी सहकारी सप्ताह के दौरान विभिन्न समितियों के माध्यम से जनजागरूकता कार्यक्रम, सहकारी गतिविधियां और योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर सहकारिता की उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने की व्यापक तैयारी की जा रही है।