रिपोर्ट: ओम साहू
जगदलपुर, 01 मई 2025
बस्तर संभाग के कमिश्नर श्री डोमन सिंह ने वर्चुअल बैठक में संभाग के सभी कलेक्टर्स को सुशासन तिहार के तहत प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवेदनों की विभागवार समीक्षा कर संबंधित कार्यालयों को शीघ्र भेजा जाए और निराकरण की जानकारी आवेदक को भी दी जाए।
कमिश्नर ने समर कैंप के आयोजन पर विशेष बल देते हुए कहा कि 5 से 20 मई तक होने वाले कैंप में शाला त्यागी बच्चों को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए, जिससे वे पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ सकें। समर कैंप में चित्रकला, खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के आयोजन के साथ शिक्षा से जुड़ी स्वयंसेवी संस्थाओं का सहयोग लेने की भी बात कही गई।
समाधान शिविरों के सफल आयोजन के लिए क्लस्टर अनुसार उपयुक्त स्थल चयन, स्वास्थ्य शिविर की अनिवार्यता और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही नगरीय क्षेत्रों की समस्याओं के निराकरण पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही गई।
बैठक में नियद नेल्लानार योजना के तहत 10 किलोमीटर परिधि के ग्रामों में विकास योजना तैयार करने, समग्र शिक्षा की मॉनिटरिंग, नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन हेतु प्रशिक्षण और वीडियो कांफ्रेंसिंग सुविधाओं के विकास पर भी चर्चा हुई।
बैठक में कलेक्टर श्री हरिश एस, सीईओ जिला पंचायत श्री प्रतीक जैन, डिप्टी कमिश्नर आरती वासनिक, गीता रायस्त सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।