जगदलपुर, 27 मार्च 2025 – बस्तर संभाग के कमिश्नर श्री डोमन सिंह ने गुरुवार को बालक आश्रम शाला बेनूर और नारायणपुर तहसील कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों की शिक्षा, भोजन, स्वच्छता और तहसील कार्यालय के प्रशासनिक कार्यों का गहनता से जायजा लिया।
आश्रम शाला में स्वच्छता और किचन गार्डन की सराहना
कमिश्नर श्री डोमन सिंह ने आश्रम शाला बेनूर में जाकर रसोईघर, बच्चों के शयन कक्ष और किचन गार्डन की स्थिति देखी। उन्होंने बच्चों से संवाद कर उनकी शिक्षा, नाश्ता और भोजन व्यवस्था के बारे में जानकारी ली।
- आश्रम परिसर की स्वच्छता और किचन गार्डन में साग-सब्जी उत्पादन को लेकर अधीक्षक एवं कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की।
- आवश्यक मरम्मत कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
तहसील कार्यालय का निरीक्षण: रिकॉर्ड रूम होगा व्यवस्थित
नारायणपुर तहसील कार्यालय के निरीक्षण के दौरान राजस्व प्रकरणों, जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया की समीक्षा की गई।
- तहसील कार्यालय में दस्तावेजों और पंजियों के संधारण की गहन जांच की।
- रिकॉर्ड रूम को तत्काल व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।
- दस्तावेजों की सुरक्षा के लिए दवा का छिड़काव, खिड़कियों में जाली लगाने और अग्निशमन यंत्र की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आदेश दिया।
स्वच्छता अभियान को मिलेगा बढ़ावा
कमिश्नर ने हर माह के तीसरे शनिवार को कार्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए, जिसमें सभी अधिकारी एवं कर्मचारी स्वेच्छा से भाग लेंगे।
निरीक्षण के दौरान मौजूद अधिकारी
इस निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं, सीईओ जिला पंचायत सुश्री आकांक्षा खलखो, एसडीएम श्री अभयजीत मण्डावी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।