रिपोर्ट ओम साहू

आईपीएल के सुपर संडे में क्रिकेट प्रेमियों को दो रोमांचक मुकाबले देखने को मिले, जिसमें दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स ने धमाकेदार जीत दर्ज की।

स्टार्क का कहर, दिल्ली की आसान जीत
ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने अपनी घातक गेंदबाजी से इतिहास रच दिया। उन्होंने टी20 क्रिकेट में पहली बार पांच विकेट झटके और हैदराबाद की टीम को 163 रनों पर समेट दिया। स्टार्क ने 35 रन देकर 5 विकेट लिए और दिल्ली की जीत में अहम भूमिका निभाई। दिल्ली ने यह लक्ष्य 4 ओवर शेष रहते हुए 7 विकेट से हासिल कर लिया।

दिल्ली की जीत में दक्षिण अफ्रीकी स्टार फाफ डु प्लेसिस ने भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 27 गेंदों पर तेजतर्रार 50 रन बनाए और टीम को जीत की राह दिखाई।

मैच के बाद स्टार्क ने कहा, “बॉलर्स को अब आउट ऑफ द बॉक्स सोचना पड़ता है। आज मेरी रणनीति काम कर गई और जीत में योगदान देकर खुशी हो रही है।”

राणा का तूफान, राजस्थान की पहली जीत
दिन के दूसरे मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 6 रन से हराया। राजस्थान के लिए नीतीश राणा ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 36 गेंदों में 81 रन ठोक दिए। उन्होंने 10 चौके और 5 छक्कों की मदद से चेन्नई के गेंदबाजों को ध्वस्त कर दिया।

राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 182/9 का स्कोर खड़ा किया, जिसमें संजू सैमसन (38) और रियान पराग (37) का भी योगदान रहा। गेंदबाजी में श्रीलंकाई स्पिनर वानिंदु हसरंगा ने कमाल दिखाते हुए 4 विकेट चटकाए और चेन्नई की बल्लेबाजी को झकझोर दिया।

चेन्नई की ओर से कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ (63) ने संघर्ष किया लेकिन हसरंगा की घातक गेंदबाजी के आगे टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाई। राजस्थान ने अपने शुरुआती दो मुकाबले हारने के बाद पहली जीत दर्ज की।

जीत के बाद राजस्थान के कार्यवाहक कप्तान रियान पराग ने कहा, “हम स्कोर से 20 रन पीछे थे, लेकिन गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर हमें जीत दिलाई।”

आईपीएल में हर दिन नए ट्विस्ट और टर्न देखने को मिल रहे हैं। देखना दिलचस्प होगा कि अगले मुकाबलों में कौन-सी टीम अपनी मजबूती दिखाएगी और प्लेऑफ की दौड़ में आगे बढ़ेगी।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply