Report Om sahu
नई दिल्ली: महादेव बेटिंग ऐप घोटाले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने पूर्व छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल को आरोपी बनाया है। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, सीबीआई द्वारा दर्ज एफआईआर में उनका नाम शामिल किया गया है।
इससे पहले, सीबीआई ने इस कथित 6,000 करोड़ रुपये के बेटिंग ऐप घोटाले के संबंध में 60 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की थी, जिसमें भूपेश बघेल के निवास पर भी तलाशी ली गई थी।
महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ED) इस घोटाले की तह तक पहुंचने के लिए लगातार जांच कर रहे हैं।
बघेल ने अपने ऊपर लगे आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया है और केंद्र सरकार पर विपक्षी नेताओं को फंसाने का आरोप लगाया है। कांग्रेस पार्टी ने भी इन छापेमारी और जांच को चुनावी राजनीति से जोड़ते हुए इसे प्रतिशोध की कार्रवाई करार दिया है।
गौरतलब है कि महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में पहले भी कई बड़े नामों का खुलासा हो चुका है, और इस घोटाले में मनी लॉन्ड्रिंग के तार भी जुड़े होने की बात कही जा रही है। सीबीआई अब आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है और इस मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भी जांच कर रही है।