28 मार्च को मोहाली जिला अदालत ने चर्चित पादरी बजिंदर सिंह को भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (बलात्कार), 323 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई। यह फैसला एक ऐसे समय में आया है जब समाज में तथाकथित धर्मगुरुओं की आड़ में चल रहे काले कारनामों पर सवाल उठ रहे हैं।

क्या है पूरा मामला?

बजिंदर सिंह पर यह मामला 2018 में जीरकपुर पुलिस थाने में दर्ज किया गया था। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था। हालांकि, कुछ समय बाद उन्हें जमानत मिल गई थी।

28 फरवरी को भी बजिंदर पर एक और रेप का मामला दर्ज किया गया, जिसके बाद पुलिस की तीन सदस्यीय टीम ने मामले की जांच शुरू की थी। जांच में बजिंदर पर लगे आरोप सही पाए गए, जिसके बाद अदालत ने उन्हें दोषी करार दिया और उम्रकैद की सजा सुनाई।

कैसे हुआ खुलासा?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, जीरकपुर पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर बजिंदर सिंह और छह अन्य आरोपियों – अकबर भट्टी, राजेश चौधरी, सुचा सिंह, जतिंदर कुमार, सितार अली और संदीप उर्फ पहलवान के खिलाफ मामला दर्ज किया था।

पीड़िता ने बताया कि उसकी पहली मुलाकात बजिंदर से सड़क किनारे एक भोजनालय में हुई थी, जिसके बाद उसने बजिंदर की सभाओं में जाना शुरू किया। धीरे-धीरे, बजिंदर ने पीड़िता की व्यक्तिगत जानकारी जुटाई और उसे अपने फ्लैट पर बुलाया।

बजिंदर ने उसे यूके ले जाने का झांसा दिया और इसी बहाने शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद, उसने पीड़िता का आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और पैसे की मांग की। पीड़िता द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और उसे दोषी पाया।

‘गॉडमैन सिंड्रोम’ पर सवाल

भारत में धर्मगुरुओं की लोकप्रियता किसी से छिपी नहीं है। हर गली-मोहल्ले में ऐसे बाबाओं के भक्त देखने को मिल जाते हैं। कुछ चमत्कारों और झूठे वादों के दम पर लोगों की भावनाओं का दोहन किया जाता है। बजिंदर सिंह का मामला कोई पहला नहीं है, इससे पहले भी कई धर्मगुरु इसी तरह के घोटालों और अपराधों में फंस चुके हैं।

अब सवाल यह है कि क्या इस तरह की गिरफ्तारियां समाज में गॉडमैन सिंड्रोम को तोड़ पाएंगी? या फिर यह सिलसिला यूं ही चलता रहेगा? यह देखना दिलचस्प होगा कि समाज इन तथाकथित बाबाओं और धर्मगुरुओं के खिलाफ कब जागरूक होगा।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply