टाउन हॉल में हुआ युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन
जगदलपुर, 07 अप्रैल 2025।
छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्व विजय तोमर के मुख्य आतिथ्य में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन सोमवार को टाउन हॉल, जगदलपुर में किया गया। कार्यक्रम में बस्तर क्षेत्र के स्कूलों और महाविद्यालयों के एनएसएस कैडेट्स एवं नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी की।
मुख्य अतिथि श्री तोमर ने अपने संबोधन में कहा कि भारत सरकार और राज्य सरकार द्वारा युवाओं के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी युवाओं तक पहुँचाई जानी चाहिए, ताकि वे इन योजनाओं का लाभ ले सकें। उन्होंने कहा कि बस्तर की स्थानीय परिस्थितियों और युवाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए यदि कोई बदलाव के सुझाव प्राप्त होते हैं, तो उन्हें राज्य की युवा नीति में सम्मिलित किया जाएगा। इससे एक मजबूत और प्रभावशाली युवा नीति तैयार की जा सकेगी।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग द्वारा ब्रोशर और पंपलेट वितरित किए गए, जिनके माध्यम से युवाओं को अपने विचार लिखित रूप में आयोग को देने का अवसर मिला। कार्यक्रम में युवाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया और अपने सुझाव साझा किए।
कार्यक्रम को युवा आयोग के सदस्य श्री संग्राम सिंह राणा और श्री अविनाश श्रीवास्तव ने भी संबोधित किया।
इसके साथ ही, एनएसएस की राष्ट्रीय संयोजक डॉ. नीता बाजपेई, बस्तर एनएसएस प्रभारी श्री पटेल, नेहरू युवा केंद्र की समन्वयक श्रीमती अंजलि, खेल युवा कल्याण विभाग के सहायक संचालक श्री राजेंद्र डेकाटे, दंतेश्वरी कॉलेज की एनएसएस प्रभारी प्रिंसी दुग्गा, जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री वेद प्रकाश सोनी, चंद्रमोहन वर्मा, श्रवण साहू, कोटेश्वर नायडू और क्रीड़ा अधिकारी लिलेश देवांगन की भी उपस्थिति रही।