आज दिनांक 20 अप्रैल 2024 को त्रिवेणी परिसर, जिला न्यायालय में पुलिस अधीक्षक श्री शलभ कुमार सिन्हा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री महेश्वर नाग के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में न्यायालय परिसर में ड्यूटी पर तैनात सभी कोर्ट मोहर्रिर, विभिन्न संस्थानों एवं विशिष्ट व्यक्तियों की सुरक्षा में लगे गार्ड प्रभारी तथा जिला कंट्रोल रूम के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।
पुलिस अधीक्षक श्री सिन्हा ने सभी गार्ड कमांडरों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे सतर्कता एवं सजगता के साथ ड्यूटी करें, स्वच्छ व पूर्ण गणवेश में उपस्थित रहें तथा अनुशासित रूप से कार्य करें। उन्होंने यह भी कहा कि सभी कोर्ट मोहर्रिर न्यायालयीन कार्यों में गंभीरता से रुचि लें और त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें। न्यायालय व थानों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
इसके अतिरिक्त, कंट्रोल रूम के कर्मचारियों को आमजन से प्राप्त शिकायतों या सूचनाओं को समय रहते संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने, कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।
इस बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री शलभ कुमार सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री महेश्वर नाग, रक्षित निरीक्षक श्री अभिजीत भदौरिया सहित लगभग 75 पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।