जगदलपुर, 2 मई 2025 | रिपोर्ट: ओम साहू
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के विशेष परियोजनांतर्गत छत्तीसगढ़ में नक्सल हिंसा से प्रभावित और आत्मसमर्पित नक्सलियों के 2500 परिवारों को आज मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने 40-40 हजार रुपये की पहली किस्त जारी की। कुल 10 करोड़ रुपये की राशि हितग्राहियों के खातों में अंतरित की गई।

यह पहल केंद्र सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ के विशेष आग्रह पर शुरू की गई है, जिसके तहत कुल 15 हजार आवासों की स्वीकृति दी गई है। मुख्यमंत्री ने मंत्रालय से वर्चुअल रूप से जुड़कर 17 जिलों के हितग्राहियों से संवाद किया और उन्हें बधाई दी।

बस्तर के हितग्राहियों से संवाद
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने बस्तर जिले के दो हितग्राहियों से संवाद किया। लोहांडीगुड़ा विकासखंड के मिनकेतन ठाकुर ने बताया कि अलनार बाजार में नक्सलियों ने उनके बेटे की हत्या कर दी थी। अब वे चार सदस्यीय परिवार के साथ जीवन यापन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जारी 40 हजार रुपये की पहली किस्त के लिए बधाई दी।

इसी प्रकार, 2014 में आत्मसमर्पण करने वाले परदेशी से भी मुख्यमंत्री ने बातचीत की। परदेशी ने बताया कि वे अब खेती-किसानी कर जीवन चला रहे हैं। मुख्यमंत्री ने उनके नए जीवन की सराहना की।

निर्माण कार्य जल्द पूर्ण करने के निर्देश
कार्यक्रम के बाद कलेक्टर श्री हरिस एस ने हितग्राहियों से आग्रह किया कि वे बरसात से पहले आवास निर्माण कार्य पूरा करें। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री प्रतीक जैन और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply