जगदलपुर, 3 मई 2025। जिला पंचायत के सभाकक्ष में शनिवार को आयोजित सामान्य सभा की बैठक में अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप ने सभी विभागीय अधिकारियों को जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री बलदेव मंडावी ने की।
बैठक में जिला पंचायत सदस्यों ने विभिन्न विभागों से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं और जनहित से जुड़ी मांगों को प्रमुखता से उठाया। इस पर अध्यक्ष ने अधिकारियों को त्वरित और सकारात्मक कार्यवाही करने को कहा।
बैठक में हुए प्रमुख बिंदुओं की चर्चा:
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग: जल जीवन मिशन, हैण्ड पम्प खनन व मरम्मत, पेयजल आपूर्ति आदि।
वन विभाग: वनाधिकार पट्टा, पौधारोपण, तेन्दूपत्ता संग्रहण की स्थिति।
स्वास्थ्य विभाग: मलेरिया रोकथाम, मच्छरदानी वितरण, अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता, डॉक्टरों की उपस्थिति, रिक्त पदों की जानकारी।
शिक्षा विभाग: स्कूल जतन योजना, जर्जर शालाएं, बालिका शौचालय, ड्रॉप आउट, एकल शिक्षक व शिक्षक विहीन स्कूलों की स्थिति।
आदिवासी विकास विभाग: जर्जर भवन, छात्रावासों में महिला सुरक्षा कर्मी की तैनाती।
महिला एवं बाल विकास: महतारी वंदन योजना, आंगनबाड़ी भवनों की स्थिति, बच्चों के सर्वे की प्रगति।
कृषि विभाग: खरीफ फसल हेतु बीज व खाद की उपलब्धता।
उद्यानिकी विभाग: चिराग योजना की स्थिति।
15वां वित्त आयोग: 2025-26 के लिए जिला पंचायत विकास योजना पर चर्चा।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि वे जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों का शीघ्र समाधान करें। बैठक में वन मंडलाधिकारी श्री उत्तम गुप्ता सहित जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।