रिपोर्ट: ओम साहू
जगदलपुर। 5 मई 2025। औषधि प्रशासन विभाग में भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वाले पत्रकार ओमप्रकाश साहू की शिकायत को एक महीना बीत चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ड्रग इंस्पेक्टर सौरभ जैन के खिलाफ की गई लिखित शिकायत, जिसमें भ्रष्टाचार, आवेदन अस्वीकार और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप शामिल थे, आज भी प्रशासनिक फाइलों में दबी हुई है।

11 अप्रैल 2025 को यह शिकायत कलेक्टर बस्तर को सौंपी गई थी। इसके बाद पीजी पोर्टल और संभागीय आयुक्त को भी सूचना दी गई। बावजूद इसके, शिकायतकर्ता को अब तक कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला है।

पत्रकार ओमप्रकाश साहू का आरोप है कि सौरभ जैन, जो वर्तमान में प्रभार में हैं, अवकाश पर चले गए हैं और विभाग में कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है। जब उन्होंने आज जिला कलेक्टर एस. हरीश से मुलाकात की, तो उन्हें ड्रग इंस्पेक्टर विनय ठाकुर का नाम बताया गया। मगर सवाल यह है कि जब शिकायत सौरभ जैन के खिलाफ है तो जवाबदेही किसकी होगी?

श्री साहू ने यह भी बताया कि प्रभारी एडीसी श्री नगवंशी तक फोन कॉल नहीं उठा रहे हैं। “मैं पत्रकार हूं और खुद एक महीने से विभाग और कार्यालयों के चक्कर लगा रहा हूं, फिर भी कोई सुनवाई नहीं हो रही। ऐसे में आम जनता को न्याय कैसे मिलेगा?” — उन्होंने यह सवाल प्रशासन से किया।

ड्रग विभाग में निरीक्षण के नाम पर अवैध वसूली, लाइसेंस प्रक्रिया में भ्रष्टाचार और अधिकारियों की मनमानी पर अब तक नकेल नहीं कसी गई है, जो प्रशासन की निष्क्रियता और “सुशासन” की सच्चाई को उजागर करता है।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply