रिपोर्ट: ओम साहू
सुकमा, 17 मई 2025 – सुकमा के चिंगावरम में आज एक भावनात्मक और प्रेरणादायक दिन रहा, जब छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री श्री विजय शर्मा और जिले के प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप एकदिवसीय दौरे पर पहुँचे। उनके साथ बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री पी. सुंदरराज, कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव और महिला आयोग की सदस्य सुश्री दीपिका सोरी भी उपस्थित रहीं।
शहीदों को श्रद्धांजलि
दौरे की शुरुआत 17 मई 2010 को चिंगावरम में नक्सलियों द्वारा किए गए बम विस्फोट में शहीद हुए वीर जवानों और ग्रामीणों को श्रद्धांजलि अर्पण से हुई। दीप प्रज्वलन, माल्यार्पण और मौन श्रद्धांजलि के साथ शहीदों को नमन किया गया। इस अवसर पर बस दुर्घटना से प्रभावित ग्रामीणों ने भी अपनी भावनाएँ व्यक्त कीं।
गृहमंत्री का स्पष्ट संदेश: “बस्तरवासियों की पहुँच अब दिल्ली तक”
गृहमंत्री श्री विजय शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बस्तर अब जाग चुका है। उन्होंने नक्सलियों की आलोचना करते हुए कहा, “बस को उड़ाने वाले ये कैसे योद्धा हैं? इसमें गर्भवती महिलाएं, छोटे बच्चे भी हो सकते थे। ये अधिकार की लड़ाई नहीं, निर्दोषों की हत्या है।”
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय खुद आदिवासी समाज से आते हैं और पूरे प्रदेश का नेतृत्व कर रहे हैं। “यह जंगल, यह ज़मीन आपकी है, लेकिन इसके नाम पर अब कोई आपको डरा नहीं सकता,” उन्होंने कहा।
गृहमंत्री ने यह भी बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह के नेतृत्व में 31 मार्च 2026 तक देश से सशस्त्र माओवाद समाप्त करने का संकल्प लिया गया है।
केदार कश्यप का संदेश: “एक वर्ष में नक्सलमुक्त होगा क्षेत्र”
वनमंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर बस्तर को नक्सलमुक्त करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने चिंगावरम के हर नागरिक के साथ खड़े रहने का भरोसा दिया।
घोषणाएँ और सम्मान
गृहमंत्री श्री शर्मा ने शहीदों के परिजनों को शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया और चिंगावरम में शहीद स्मृति सामुदायिक भवन, रंगमंच, स्टॉप डेम की मरम्मत और पक्की सड़क निर्माण की घोषणाएँ कीं।
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर तिरंगा यात्रा
इस ऐतिहासिक दिन की समाप्ति एक भव्य तिरंगा यात्रा रैली से हुई, जिसमें सैकड़ों ग्रामीणों ने देशभक्ति के नारों के साथ भाग लिया। यह आयोजन बस्तर की बदलती सोच और साहस का प्रतीक बन गया।
—