
जगदलपुर, 01 जुलाई 2025
खरीफ फसल सीजन की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्री हरिस एस ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसानों की मांग के अनुरूप खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। मंगलवार को कलेक्टोरेट के प्रेरणा सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेते हुए कलेक्टर ने आदिम जाति सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों तक वितरण की प्रभावी व्यवस्था बनाने को कहा।
कलेक्टर ने कहा कि “वनाधिकार पट्टेधारकों सहित सभी किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड का लाभ मिले, खाद-बीज की मॉनिटरिंग नियमित हो और सहकारी समितियों की मांग समय पर पूरी हो।”
शिकायतों के त्वरित निराकरण पर जोर
बैठक में श्री हरिस ने पीजी पोर्टल, जन शिकायतों, सीएम जनदर्शन समेत सभी पोर्टलों पर आने वाली शिकायतों का निराकरण एक माह के भीतर अनिवार्य बताया। शिकायत शाखा और विभागीय नोडल अधिकारियों को हर सप्ताह प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
प्रमुख योजनाओं की समीक्षा
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण): प्रथम किश्त मिलने के बाद शेष आवास जल्द पूर्ण कराने के निर्देश।
स्वच्छ भारत मिशन: कचरा संग्रहण शुल्क निर्धारित कर वसूली, सामुदायिक शौचालयों के निर्माण व संचालन की समीक्षा, स्वच्छता के लिए पेयजल की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश।
आंगनबाड़ी भवन और पीडीएस दुकान निर्माण: मनरेगा के तहत निर्माण कार्यों की प्रगति पर विशेष ध्यान।
आयुष्मान कार्ड पंजीयन और सिकलसेल जांच: अधिक से अधिक लाभार्थियों को जोड़ने पर बल।
पोषण पुनर्वास केंद्र एवं टीबी मरीजों की पहचान: कुपोषित बच्चों की भर्ती, एनएनसीडी जांच को शहरी क्षेत्रों में गति देने के निर्देश।
स्वामित्व योजना: खातेदार और सहखातेदार आधार प्रविष्टि, नक्शा बंटवारा और शासकीय भूमि दर्ज करने के निर्देश।
डीएमएफटी और आदिवासी विकास कार्यों की भी समीक्षा
कलेक्टर ने जिला खनिज न्यास निधि (DMFT) अंतर्गत देवगुड़ी निर्माण कार्यों को जल्द पूर्ण करने को कहा और धीमी प्रगति वाले जनपदों पर अन्य मद से राशि रोकने की चेतावनी दी। बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण अंतर्गत स्वीकृत देवगुड़ी-मातागुड़ी कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री प्रतीक जैन, वनमण्डलाधिकारी श्री उत्तम कुमार गुप्ता, अपर कलेक्टर श्री ऋषिकेश तिवारी, नगर निगम आयुक्त श्री प्रवीण वर्मा सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
—
✅ रिपोर्ट: ओम साहू
मेरे व्हाट्सऐप चैनल से जुड़ें: चैनल लिंक