रिपोर्ट: ऋषभ कुमार सम्पादक छत्तीसगढ़ पहट न्यूज़
स्थान: मंदिर हसौद, नया रायपुर, छत्तीसगढ़
हमसे जुड़ें: WhatsApp चैनल

बुधवार सुबह नया रायपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने मंत्री केदार कश्यप के परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। उनके भतीजे निखिल कश्यप की बाइक दुर्घटना में मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। हादसा सुबह करीब 7:30 बजे मंदिर हसौद थाना क्षेत्र अंतर्गत हुआ।
हादसे का विवरण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निखिल कश्यप किसी निजी कार्य से अपनी बुलेट मोटरसाइकिल में सवार होकर निकले थे। मंदिर हसौद क्षेत्र में तेज रफ्तार में चल रही बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि निलेश की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुलेट का स्पीडोमीटर 140 किमी/घंटा पर अटका हुआ पाया गया, जिससे यह स्पष्ट होता है कि वाहन बहुत तेज रफ्तार में था। दुर्घटना के बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मंदिर हसौद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस और अस्पताल की कार्रवाई
हादसे के बाद पुलिस ने शव को बरामद कर सत्य साईं अस्पताल के मर्च्युरी में रखवाया है। घायल युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका इलाज जारी है। बाइक को जब्त कर लिया गया है और पुलिस अग्रिम जांच में जुट गई है।
क्षेत्र में शोक की लहर
इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है। केदार कश्यप के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों द्वारा दुख व्यक्त किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़कों पर लगातार तेज रफ्तार और ट्रैफिक नियंत्रण की कमी के कारण ऐसे हादसे बार-बार हो रहे हैं।
—
दैनिक ‘दबंग केशरी’ एवं ‘छत्तीसगढ़ पहट न्यूज़’ परिवार की ओर से निलेश कश्यप को भावभीनी श्रद्धांजलि। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दे और परिवार को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

अपील: कृपया वाहन चलाते समय स्पीड का विशेष ध्यान रखें। हेलमेट और सुरक्षा नियमों का पालन करें। जीवन अमूल्य है।