रिपोर्ट –जय शंकर पांडे

जगदलपुर, 13 अप्रैल 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा सोमवार को सुकमा जिले से ‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ का भव्य शुभारंभ किए जाने के साथ ही बस्तर जिले में स्वास्थ्य क्रांति के एक नए युग की शुरुआत हो गई है। ‘मावा सेहत, मावा बस्तर’ के संकल्प के साथ शुरू हुए इस अभियान का मूल उद्देश्य जिले के हर नागरिक तक निःशुल्क और उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाना है, जिसके लिए प्रशासन ने लगभग साढ़े नौ लाख की लक्षित जनसंख्या के लिए एक व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। इस अभियान के तहत बस्तर जिले के सभी गांवों और दूरस्थ क्षेत्रों में 289 विशेष स्क्रीनिंग टीमों को तैनात किया गया है, जिनमें सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक और मितानिनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है।

यह अभियान केवल सामान्य जाँच तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति का एक डिजिटल हेल्थ प्रोफाइल तैयार किया जा रहा है जिसे आयुष्मान भारत (आभा) से जोड़ा जा रहा है, ताकि स्वास्थ्य इतिहास का सटीक रिकॉर्ड बना रहे। घर-घर पहुँचने वाली ये टीमें न केवल उच्च रक्तचाप, मधुमेह, सिकल सेल और कैंसर जैसे गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग कर रही हैं, बल्कि टीबी, मलेरिया, कुष्ठ और फाइलेरिया जैसे संचारी रोगों की भी सूक्ष्मता से जाँच कर रही हैं। विशेष रूप से बच्चों और गर्भवती महिलाओं में एनीमिया और विटामिन ए की कमी की पहचान करने के साथ-साथ उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था की निगरानी पर भी बल दिया जा रहा है।

अभियान की सफलता के लिए सूक्ष्म नियोजन करते हुए पूरे जिले में 5,300 से अधिक विजिट प्लान तैयार किए गए हैं, जिसमें बस्तर ब्लॉक में सर्वाधिक 52 टीमें और जगदलपुर क्षेत्र में व्यापक नेटवर्क के माध्यम से शत-प्रतिशत जनसंख्या कवरेज का लक्ष्य रखा गया है। जाँच के दौरान गंभीर पाए जाने वाले मरीजों को उच्च स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए तत्काल ‘रेफरल स्लिप’ और मौके पर ही प्राथमिक उपचार हेतु आवश्यक औषधियाँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। स्थानीय समुदायों में जागरूकता फैलाने के लिए कोटवारों द्वारा मुनादी, स्थानीय बोलियों में ऑडियो संदेश और पंचायत स्तर पर लाइव वेबकास्टिंग जैसे माध्यमों का उपयोग किया जा रहा है, जिससे यह अभियान एक सरकारी कार्यक्रम से बढ़कर एक जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। जिले के सुदूर अंचलों में स्वास्थ्य की पहुँच सुनिश्चित करने वाला यह मजबूत कदम आने वाले समय में एक ‘स्वस्थ बस्तर’ की नींव रखने में निर्णायक सिद्ध होगा।
संपादक –ऋषभ कुमार
मो.–6266449977